NH-11 पर ट्रेलर चालकों की गुंडागर्दी: सिलिका सैंड लेकर जा रहे ड्राइवर को पीटकर 30 हजार से ज्यादा लूटे, श्रीडूंगरगढ़ पुलिस जांच में जुटी

AYUSH ANTIMA
By -
0

श्रीडूंगरगढ़/बीकानेर (मुकेश रामावत): राष्ट्रीय राजमार्ग पर दिनदहाड़े एक बार फिर गुंडागर्दी का मामला सामने आया है। यहां तीन ट्रेलर चालकों ने मिलकर एक अन्य ट्रेलर ड्राइवर के साथ मारपीट की और उससे नकदी लूटकर फरार हो गए। घटना 12 जुलाई की सुबह की बताई जा रही है। पुलिस को दी गई रिपोर्ट के अनुसार, बिग्गाबास निवासी दिलीप सिंह पुत्र इंद्र सिंह राणा, रामसरा निवासी ओमप्रकाश जाखड़ के ट्रेलर पर चालक है। वह बीकानेर से सिलिका सैंड भरकर जा रहा था। सुबह करीब 10 बजे जब वह लखासर टोल प्लाजा पहुंचा तो एक ट्रेलर चालक ने उससे बिना वजह गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर वह व्यक्ति वहां से चला गया। इसके बाद लखासर टोल और बेनीसर के बीच आरोपी ने अपना वाहन दिलीपसिंह के ट्रेलर के आगे लगा दिया। पहले से वहां खड़े दो अन्य ट्रेलरों के चालक भी मौके पर आ गए। तीनों ने मिलकर पीड़ित का वाहन रुकवाया और जबरन अंदर घुस गए। आरोपियों ने दिलीप सिंह को धक्का देकर नीचे गिरा दिया। इसके बाद लोहे की रॉड और लात-घूंसों से उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। इसी दौरान ट्रेलर में रखे 30,600 रुपये निकालकर वे मौके से फरार हो गए। शोर सुनकर हाईवे से गुजर रहे अन्य वाहन चालक रुके तो आरोपी तीनों ट्रेलर लेकर भाग निकले। घायल अवस्था में दिलीप सिंह को बिग्गा गांव के एक युवक ने अस्पताल पहुंचाया। दिलीप सिंह ने श्रीडूंगरगढ़ थाने में मामला दर्ज कराया है। उसने पुलिस को कुछ संदिग्ध वाहनों के नंबर भी बताए हैं।  
थानाधिकारी ने बताया कि रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। सीसीटीवी फुटेज और टोल के रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस तीनों फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए दबिश दे रही है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!