निवाई (लालचंद माली): जामडोली गांव के दो होनहार सगे भाइयों ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) में शानदार सफलता हासिल कर पूरे क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। दोनों भाइयों ने अखिल भारतीय स्तर पर उत्कृष्ट रैंक प्राप्त कर यह साबित कर दिया कि मेहनत, अनुशासन और मजबूत संकल्प से हर सपना साकार किया जा सकता है। जामडोली निवासी एवं वर्तमान में ग्राम पंचायत बहड़ में पशु चिकित्सक के पद पर कार्यरत रामअवतार मीणा के बड़े पुत्र अजय मीणा ने नीट में अखिल भारतीय 1524वीं रैंक तथा छोटे पुत्र अंकित मीणा ने 970वीं अखिल भारतीय रैंक प्राप्त कर परिवार के साथ-साथ पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। दोनों विद्यार्थियों ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता के आशीर्वाद, इष्टदेव की कृपा, परिवार के सहयोग और कठिन परिश्रम को दिया। उन्होंने बताया कि नियमित अध्ययन, अनुशासित दिनचर्या और लक्ष्य के प्रति समर्पण ही उनकी सफलता का आधार रहा। पिता रामअवतार मीणा ने बताया कि दोनों पुत्र बचपन से ही डॉक्टर बनने का सपना देखते थे। अब उनका लक्ष्य एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी कर चिकित्सा सेवा के माध्यम से देश और समाज की सेवा करना है। दोनों भाइयों की इस शानदार उपलब्धि से जामडोली गांव में खुशी और गर्व का माहौल है। ग्रामीणों ने मिठाई खिलाकर परिवार को बधाई दी तथा अजय और अंकित की मेहनत, लगन और अनुशासन की सराहना करते हुए अन्य विद्यार्थियों से भी उनसे प्रेरणा लेकर अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया।
एक ही घर से निकले दो 'नीट' विजेता, जामडोली के अजय-अंकित ने रचा इतिहास
By -
July 18, 2026
0
Tags: