कोटपूतली/बहरोड: अखिल राजस्थान राज्य कृषि पर्यवेक्षक एवं पटवार ग्राम विकास अधिकारी संयुक्त समन्वय समिति द्वारा राजस्थान के सभी जिलों में अवकाश के दिनों में भी अधिकारियों द्वारा दबाव देकर अवकाश निरस्त करके काम करवाने के विरोध में कर्मचारियों ने जिला कलेक्टर को मुख्य सचिव के नाम ज्ञापन दिया। इसी कड़ी में कोटपूतली-बहरोड जिले में पटवार संघ जिला अध्यक्ष लेखराम गुर्जर, ग्राम विकास अधिकारी संघ जिला अध्यक्ष प्रताप सिंह सैनी, कृषि पर्यवेक्षक संगठन राम सिंह यादव, महेश रावत के नेतृत्व में ज्ञापन दिया गया तथा अवकाश के दिनों में अवकाश निरस्त कर कार्य करने का विरोध किया गया। साथी कर्मचारियों द्वारा बताया गया कि पिछले कई दिनों से राज्य सरकार के विभिन्न कार्यक्रमों में फील्ड स्तरीय कर्मचारियों को शनिवार/रविवार की छुट्टियां कैंसिल करके लगातार कार्य करवाए जा रहे हैं। जिसकी एवज में उन्हें ना तो कोई अतिरिक्त भत्ता मिलता है और ना कोई एक्स्ट्रा छुट्टी जबकि उच्च अधिकारियों को अतिरिक्त छुट्टियां एवं भत्ते भी दिए जाते हैं। अपने गृह जिले से बाहर पदस्थापित कृषि पर्यवेक्षक पटवारी एवं ग्राम विकास अधिकारी कार्मिकों को लगातार छुट्टियां कैंसिल होने के कारण 6-6 माह बीत जाने के बाद भी घर जाने का समय भी नहीं दिया जा रहा। इससे आम कर्मचारी आहत भी है और मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित भी। कृषि पर्यवेक्षक, पटवार ग्राम विकास अधिकारी संयुक्त समन्वय समिति के रामावतार गुर्जर ने बताया कि अगर ऐसा नहीं रोका गया तो भविष्य में इसका घोर विरोध किया जाएगा, जो एक नए आंदोलन का रूप लेगा। ज्ञापन देने वालों में राजेश पटवारी, सुभाष सहित काफी कर्मचारी उपस्थित रहे। साथ ही समन्वय समिति के प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार कोटपूतली-बहरोड़ जिले के सभी ब्लॉकों में उपखंड अधिकारियों को भी इस प्रकार के ज्ञापन मुख्यमंत्री के नाम दिए गए।
अवकाश के दिनों में भी अधिकारियों द्वारा दबाव देकर अवकाश निरस्त करके काम करवाने के विरोध में कर्मचारियों ने जिला कलेक्टर को सीएस के नाम दिया ज्ञापन
By -
June 04, 2026
0
Tags: