नारायणपुर: उपखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत बिलाली में आयोजित श्री शीतला माता यज्ञ एवं धार्मिक कार्यक्रम में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए बानसूर विधायक देवीसिंह शेखावत के निर्देश पर विशेष व्यवस्थाएं सुनिश्चित करवाई गई हैं। ग्रामीणों की मांग और यज्ञ स्थल की आवश्यकताओं को देखते हुए विधायक शेखावत ने मौके पर व्यवस्थाओं की समीक्षा कर एम्बुलेंस की व्यवस्था उपलब्ध करवाई, ताकि किसी भी आपातकालीन स्थिति में श्रद्धालुओं को तत्काल चिकित्सा सहायता मिल सके।इसके साथ ही यज्ञ स्थल पर प्रतिदिन साफ-सफाई बनाए रखने के लिए सफाई कर्मचारियों की नियमित तैनाती भी सुनिश्चित की गई है। विधायक देवीसिंह शेखावत ने कहा कि धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों में श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं करना हमारी प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि यज्ञ की अवधि के दौरान स्वच्छता, पेयजल, स्वास्थ्य एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की लगातार निगरानी रखी जाए। ग्रामीणों एवं यज्ञ समिति के पदाधिकारियों ने विधायक द्वारा करवाई गई व्यवस्थाओं के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन सुविधाओं से श्रद्धालुओं को काफी राहत मिलेगी तथा आयोजन सुचारू रूप से संपन्न होगा।
3/related/default