निवाई (लालचंद माली): राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बनस्थली के छात्र विश्वेश सैन ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) में सफलता हासिल कर विद्यालय और पूरे बनस्थली क्षेत्र का नाम रोशन किया है। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर विद्यालय में आयोजित सम्मान समारोह में प्रधानाचार्य देवेंद्र पाल सिंह चौधरी के सानिध्य में विश्वेश सैन एवं उनके पिता का माल्यार्पण कर तथा प्रतीक चिन्ह भेंटकर सम्मान किया गया। इस अवसर पर विज्ञान संकाय के व्याख्याता ओमप्रकाश सोनी ने कहा कि विश्वेश की सफलता उसकी लगन, अनुशासन और कठिन परिश्रम का परिणाम है। उन्होंने कहा कि सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थी भी समर्पण और निरंतर मेहनत के बल पर देश की प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता का परचम लहरा सकते हैं। उन्होंने विश्वेश की उपलब्धि को अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा स्रोत बताया।
कार्यक्रम का संचालन उप प्राचार्य कैलाश सैन ने किया। उन्होंने विश्वेश सैन के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि यह सफलता विद्यालय परिवार के लिए गर्व का विषय है और आने वाली पीढ़ी के विद्यार्थियों को नई ऊर्जा प्रदान करेगी। इस दौरान अनामिका शर्मा, सुनील शर्मा, सम्पति मीणा, रश्मि जैन, रजनीश मीणा, सुगना मीणा, कुलदीप बारेठ, नीतू साम्भारिया, मनराज गुर्जर, प्रियंका मीणा, रामदेव जाट, मुकेश चौधरी, सुनीता यादव, अवनि शर्मा, ललिता, लीना विजय, नीतू रावत, नेहा शर्मा एवं जितेन्द्र गुर्जर सहित समस्त शिक्षकों ने विश्वेश सैन को शुभकामनाएं देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।