सरकार की असली रीढ़ अधिकारी-कर्मचारी, अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना हमारी जिम्मेदारी: विधायक रामसहाय वर्मा

AYUSH ANTIMA
By -
0



निवाई (लालचंद माली): राजस्थान पटवार संघ के तत्वावधान में रामाज रिसॉर्ट में आयोजित स्नेह मिलन समारोह प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और कर्मचारियों के समन्वय का सशक्त मंच बना। समारोह में मुख्य अतिथि विधायक रामसहाय वर्मा ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सरकार की वास्तविक रीढ़ बताते हुए कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं की सफलता उनके ईमानदार और संवेदनशील क्रियान्वयन पर निर्भर करती है। समारोह में विधायक रामसहाय वर्मा, नगर पालिका के निवर्तमान अध्यक्ष दिलीप इसरानी एवं पूर्व प्रधान चन्द्रकला गुर्जर के सानिध्य में श्री देवनारायण ट्रस्ट, देवधाम जोधपुरिया के अध्यक्ष एवं तहसीलदार नरेश गुर्जर का साफा, माल्यार्पण और पुष्पगुच्छ भेंटकर भव्य नागरिक अभिनंदन किया गया। अपने संबोधन में विधायक वर्मा ने कहा कि सरकार चाहे कितनी भी प्रभावी योजनाएं बनाए, लेकिन जब तक अधिकारी और कर्मचारी उन्हें पूरी निष्ठा एवं पारदर्शिता के साथ धरातल पर लागू नहीं करेंगे, तब तक आमजन को उनका वास्तविक लाभ नहीं मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि प्रशासन ही वह महत्वपूर्ण कड़ी है, जो सीधे गांव, गरीब और किसान से जुड़ा है। नामांतरण, राहत कार्य, प्रमाण-पत्र और जनसेवा से जुड़े अधिकांश कार्य अधिकारियों के माध्यम से ही संपन्न होते हैं, इसलिए अंतिम व्यक्ति तक बिना किसी असुविधा के योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्रशासन की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। निवर्तमान पालिका अध्यक्ष दिलीप इसरानी ने कहा कि ऐसे आयोजन आपसी समन्वय, संवाद और भाईचारे को मजबूत करते हैं, जिससे प्रशासनिक कार्यों में भी सकारात्मक वातावरण बनता है। सम्मानित अतिथि तहसीलदार नरेश गुर्जर ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि देवधाम जोधपुरिया की व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाना तथा आमजन को पारदर्शी, सरल और त्वरित प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। समारोह में उपखंड अधिकारी गंभीर सिंह, डीवाईएसपी रविप्रकाश शर्मा, भाजपा शहर अध्यक्ष नितिन छाबड़ा, देवनारायण ट्रस्ट के महामंत्री रतनदीप गुर्जर, कोषाध्यक्ष जगदीश बोकण, पूर्व कोषाध्यक्ष सुरेश डोई, पटवार संघ अध्यक्ष वीरेन्द्र गुर्जर सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, पटवारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। समारोह के दौरान सभी अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!