श्रीडूंगरगढ/बीकानेर (मुकेश रामावत): जिले में व्यापारियों को निशाना बनाकर रंगदारी मांगने के मामले थम नहीं रहे। ताजा मामला श्रीडूंगरगढ़ थाना क्षेत्र के दुलचासर गांव से सामने आया है, जहां एक व्यापारी से कुख्यात गैंग का नाम लेकर 5 करोड़ रुपये की मांग की गई है। धमकी न मानने पर ऑफिस में ब्लास्ट और पूरे परिवार को जान से मारने की चेतावनी भी दी गई। पीड़ित व्यापारी के भाई ने एसपी को दी शिकायत में बताया कि 5 और 7 जुलाई को उनके पास "वीरेंद्र चारण" नाम के शख्स के फोन आए। कॉल करने वाले ने खुद को रोहित गोदारा गैंग का सदस्य बताया और सीधे 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी। आरोपी ने साफ कहा कि अगर तय समय में रकम नहीं दी गई तो अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहें। शिकायतकर्ता के अनुसार बदमाश ने व्यापारी को डराने के लिए कहा कि रकम नहीं देने पर उनके ऑफिस में गैस सिलेंडर फेंककर ब्लास्ट कर दिया जाएगा, साथ ही परिवार के सभी सदस्यों को जान से मारने की धमकी भी दी। इस घटना के बाद से व्यापारी का परिवार दहशत में है और घर से निकलने से भी डर रहा है। पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा की मांग की है। दी गई लिखित रिपोर्ट में परिवार ने कहा है कि मामले की निष्पक्ष और तेज जांच हो, आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई हो और उनकी जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। श्रीडूंगरगढ़ थानाधिकारी संध्या विश्नोई ने बताया कि अभी तक इस मामले में एफआईआर दर्ज नहीं हुई है। पुलिस को शिकायत मिल गई है और उसी के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। जिले में लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों से व्यापारी वर्ग में चिंता बढ़ गई है।
करोड़ दो वरना गैस सिलेंडर से उड़ा देंगे: बदमाशों की धमकी से दहला व्यापारी परिवार, पुलिस से मांगी सुरक्षा
By -
July 09, 2026
0
Tags: