बीकानेर (मुकेश रामावत): श्री जी धूमावती चेरिटेबल ट्रस्ट द्वारा गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन कर रही और विधवा माताओं के लिए आयोजित त्रैमासिक वित्तीय सहायता समारोह धरणीधर महादेव मंदिर परिसर में संपन्न हुआ। समारोह में 105 धूमावती माताओं को 1500 रुपये की आर्थिक सहायता और मिठाई के डिब्बे भेंट किए गए।
*आत्मनिर्भर बनने का मिला संबल*
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शहर भाजपा अध्यक्ष सुमन छाजेड़ ने कहा कि आज की व्यस्त जिंदगी में जहां हर व्यक्ति अपने परिवार की जरूरतों में लगा है, वहीं ट्रस्ट द्वारा बेसहारा माताओं को वित्तीय संबल देना वाकई सराहनीय है। इससे माताएं अपने छोटे-मोटे खर्च खुद उठा पाने का आत्मविश्वास महसूस कर रही हैं। वरिष्ठ उद्योगपति कन्हैया लाल बोथरा ने कहा कि बीकानेर सच में छोटी काशी है। यहां हर व्यक्ति किसी न किसी रूप में सेवा कार्य से जुड़ा है। ट्रस्ट का यह प्रयास इन माताओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रहा है। समाजसेवी पुष्पा बाहेती ने कहा कि इस तरह की सेवा सीधे ईश्वर को प्रसन्न करने के समान है। उद्योगपति रामदेव राठी ने कहा कि माताओं के चेहरे की मुस्कान देखकर लगता है मानो स्वयं ईश्वर मुस्करा रहे हों।
*पंडित घनश्याम आचार्य के सानिध्य में हुआ वितरण*
ट्रस्ट अध्यक्ष द्वारका प्रसाद पचीसिया ने बताया कि पंडित घनश्याम आचार्य के मार्गदर्शन में हर तीन महीने में यह सहायता दी जाती है। इस बार भी 105 माताओं को नकद राशि के साथ मिठाई वितरित की गई। कार्यक्रम में वीरेंद्र किराड़ू, राजाराम सारड़ा, भंवर लाल चांडक, कन्हैया लाल आचार्य, राधेश्याम पंचारिया, दाऊजी खुडिया, सेवाराम सोनी, अरविंद कटारिया, योगेश पंचारिया, केशव आचार्य, आयुष आचार्य, डिंपू आचार्य सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।