विक्टोरिया मेमोरियल सिटी डिस्पेंसरी की बेशकीमती सरकारी भूमि पर जल्द बनेगी चार दीवारी, अवैध पार्किंग और अतिक्रमण पर लगेगी रोक

AYUSH ANTIMA
By -
0


कोटपूतली (ईशाक खान): कस्बे में पुराने नगर पालिका कार्यालय के पास स्थित राजकीय विक्टोरिया मेमोरियल सिटी डिस्पेंसरी की खाली पड़ी बेशकीमती सरकारी भूमि के संरक्षण को लेकर अधिवक्ताओं के एक प्रतिनिधि मंडल ने बुधवार को राजकीय बीडीएम जिला अस्पताल के पीएमओ डॉ.पुष्कर राज गुर्जर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया कि डिस्पेंसरी का पुराना भवन ध्वस्त (खंडहर) होने के बाद से यह भूमि पूरी तरह खाली पड़ी है। मालिकाना हक चिकित्सा विभाग का होने के बावजूद वर्तमान में इस बेशकीमती जमीन पर अवैध पार्किंग का अड्डा बना हुआ है और यहाँ कई तरह की अवांछित व अवैध गतिविधियां संचालित हो रही हैं। 

*अधिवक्ताओं ने की चार दीवारी और सूचना बोर्ड लगाने की मांग*

अधिवक्ताओं ने जनहित को ध्यान में रखते हुए मांग की है कि इस सरकारी भूमि को सुरक्षित करने के लिए इसके चारों तरफ मजबूत चार दीवारी (बाउंड्री वॉल) बनाई जायें, मुख्य गेट लगाया जायें और साथ ही यह सरकारी भूमि होने का एक आधिकारिक सूचना बोर्ड भी स्थापित किया जायें, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार का अतिक्रमण ना हो सकें। ज्ञापन सौंपने वालों में एड.प्रभा अग्रवाल, एड. कन्हैया लाल गुर्जर, सागरमल शर्मा, राजेंद्र चौधरी समेत अनेक अधिवक्ता शामिल रहे।

*अस्पताल प्रशासन ने दिया सकारात्मक आश्वासन*

ज्ञापन पर त्वरित संज्ञान लेते हुए पीएमओ डॉ. पुष्कर राज गुर्जर ने प्रतिनिधि मंडल को पूरी तरह आश्वस्त किया कि अस्पताल प्रशासन अपनी इस बेशकीमती भूमि को किसी भी स्थिति में खुर्द-बुर्द नहीं होने देगा। पीएमओ ने कहा कि सरकारी भूमि की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही यहाँ पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था के साथ चार दीवारी का निर्माण करवाया जायेगा और सरकारी भूमि का बोर्ड लगाकर इसे पूरी तरह सुरक्षित किया जायेगा, ताकि भविष्य में कोई भी अवैध गतिविधि ना हो सके। अस्पताल प्रशासन द्वारा दिए गए इस त्वरित और सकारात्मक आश्वासन का अधिवक्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया। अधिवक्ताओं ने उम्मीद जताई है कि प्रशासन द्वारा शीघ्र कार्यवाही अमल में लाने से यह बहुमूल्य सरकारी संपत्ति सुरक्षित रहेगी, जिससे आगे चलकर आमजन को भी इसका सीधा लाभ मिल सकेगा।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!