महाजन/बीकानेर (मुकेश रामावत): अवैध हथियारों पर शिकंजा कसने के लिए चलाए जा रहे "ऑपरेशन नीलकंठ" के तहत महाजन थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक युवक को देशी कट्टे सहित पकड़ लिया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार महाजन निवासी अमजद उर्फ बबलू खां के पास अवैध हथियार होने की सूचना मिली थी। इस पर गुरुवार को पुलिस टीम ने उसके घर दबिश दी और तलाशी के दौरान एक अवैध देसी कट्टा बरामद किया। आरोपी को मौके से हिरासत में ले लिया गया। पूछताछ में पुलिस को हथियार उपलब्ध कराने वाले व्यक्ति के बारे में अहम सुराग मिले हैं। पुलिस ने बताया कि सप्लायर की पहचान हो चुकी है और उसे भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। इस मामले में एक अन्य संदिग्ध को भी राउंडअप किया गया है।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और हथियार की खरीद-फरोख्त से जुड़े नेटवर्क को खंगाल रही है।