बीकानेर (मुकेश रामावत): भारी वर्षा और जलभराव के चलते सड़कों पर फिसलन और ट्रैफिक बाधित होने की आशंका को देखते हुए परिवहन एवं सड़क सुरक्षा विभाग ने नागरिकों के लिए सड़क सुरक्षा एडवाइजरी जारी की है। विभाग ने लोगों से जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने और यात्रा के दौरान पूरी सावधानी बरतने की अपील की है। विभाग के अनुसार बारिश में सड़कें गीली होने से वाहनों की ब्रेकिंग कमजोर हो जाती है। ऐसे में वाहन धीमी गति से चलाएं और आगे-पीछे सुरक्षित दूरी रखें। रात में सफर से पहले हेडलाइट, इंडिकेटर, ब्रेक और वाइपर की जांच जरूर करें। अंडरपास, रपट, नदी-नाले और जलभराव वाले इलाकों में पानी की गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता। विभाग ने ऐसे स्थानों से वाहन न निकालने की सलाह दी है, क्योंकि यह जानलेवा साबित हो सकता है। चार पहिया वाहन को गहरे पानी में ले जाने से इलेक्ट्रिक सिस्टम खराब हो सकता है और दरवाजे तक जाम हो सकते हैं। बारिश में विंडस्क्रीन पर धुंध जमने पर डी-फॉगर का उपयोग करें। एडवाइजरी में कहा गया है कि जलभराव की वजह से कई जगह ट्रैफिक जाम हो सकता है। घर से निकलने से पहले मार्ग की स्थिति जान लें। पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और मलबा गिरने का खतरा रहता है, इसलिए खराब मौसम में वहां यात्रा टालें। परिवहन आयुक्त पुरुषोत्तम शर्मा ने सभी सड़क निर्माण एजेंसियों को गड्ढे भरने, जल निकासी ठीक करने, जलभराव वाले स्थानों पर रेलिंग और चेतावनी संकेत लगाने के निर्देश दिए हैं। खुले विद्युत तारों वाले क्षेत्रों को भी सुरक्षित करने को कहा गया है। विभाग का कहना है कि जनजागरूकता और यातायात नियमों के पालन से सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है।
3/related/default