बीकानेर (मुकेश रामावत): मिलिट्री इंटेलिजेंस से मिली सटीक सूचना पर बीकानेर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से करीब 106 ग्राम एमडी बरामद की गई है, जिसकी बाजार में कीमत 2 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।
जिला स्पेशल टीम, सदर थाना पुलिस और मिलिट्री इंटेलिजेंस ने 23 जुलाई को संयुक्त अभियान चलाया। देर शाम पीबीएम अस्पताल के पास नागौर निवासी असलम काजी पुत्र उस्मान काजी, 25 वर्ष, को पकड़ा गया। तलाशी में उसके पास से 106 ग्राम एमडी मिली। पूछताछ में असलम ने भीनासर निवासी ताराचंद पुत्र रूपचंद का नाम भी बताया, जिसे भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार दोनों एक ही तस्करी नेटवर्क से जुड़े थे। मिलिट्री इंटेलिजेंस को 20 जुलाई को जानकारी मिली थी कि असलम काजी बीकानेर में मादक पदार्थों की तस्करी में सक्रिय है। सूचना के सत्यापन के बाद ही यह ऑपरेशन अंजाम दिया गया। फिलहाल दोनों आरोपियों को सदर थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस अब इस नेटवर्क की सप्लाई चेन और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।