बीकानेर (मुकेश रामावत): पीबीएम अस्पताल में सिजेरियन डिलीवरी के बाद भर्ती प्रसूता कमला की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल की मोर्चरी के बाहर धरना देकर प्रदर्शन किया। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में इलाज में लापरवाही बरती गई और उन्हें सही जानकारी नहीं दी गई। उन्होंने दोषी डॉक्टरों पर कार्रवाई, मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम और आर्थिक सहायता की मांग की है। रामनिवास कूंकणा के नेतृत्व में धरना दिया गया। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि महिला पहले से टाइप-1 डायबिटीज से पीड़ित थी। उसकी हालत बिगड़ने पर एम्स के डॉक्टरों से सलाह लेकर इलाज किया गया, लेकिन कार्डियो रेस्पिरेटरी अरेस्ट से उसकी मौत हो गई। उल्लेखनीय है कि पिछले एक महीने में पीबीएम में यह चौथा ऐसा मामला है। प्रदेशभर में अब तक 23 प्रसूताओं की मौत हो चुकी है। सरकार ने सभी अस्पतालों को एसओपी सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए हैं।
3/related/default