कोटपूतली (ईशाक खान): क्षेत्र के ग्रामीण विकास और चिकित्सा तंत्र को मजबूत करने की दिशा में राज्य सरकार ने एक और बड़ा और ऐतिहासिक कदम उठाया है। कोटपूतली विधानसभा क्षेत्र के उप स्वास्थ्य केन्द्र भूरी भड़ाज के नवीन भवन निर्माण के लिये 52 लाख की वित्तीय एवं प्रषासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है। इस बड़ी सौगात के बाद स्थानीय ग्रामीणों में भारी उत्साह है। उपरोक्त स्वीकृति पर विधायक हंसराज पटेल ने मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा व चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर का आभार व्यक्त करते हुये कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार समाज के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए पूरी तरह संकल्पित है। भूरी भड़ाज में उप स्वास्थ्य केंद्र के नए भवन के निर्माण से स्थानीय ग्रामीणों को अब छोटी-मोटी बीमारियों के ईलाज के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। आधुनिक सुविधाओं से युक्त इस भवन के बनने से प्रसव सेवाओं और प्राथमिक उपचार में बड़ा सुधार होगा। विधायक पटेल ने कहा कि कोटपूतली क्षेत्र का चहुंमुखी विकास ही हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस भवन का निर्माण कार्य जल्द ही गुणवत्ता के साथ शुरू कराया जायेगा, ताकि जनता को इसका लाभ समय पर मिल सके।
*चिकित्सा ढ़ांचे को मिलेगी अभूतपूर्व मजबूती*
विधायक पटेल ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के नागरिकों को अब अपने ही ईलाके में आधुनिक और बेहतर चिकित्सा सुविधायें मिल सकेंगी। लंबे समय से इस भवन के निर्माण की आवश्यकता महसूस की जा रही थी, जिसे सरकार ने प्राथमिकता से पूरा किया है। यह कदम कोटपूतली की स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने में मील का पत्थर साबित होगा। राज्य सरकार के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग (खण्ड प्रथम, जयपुर) द्वारा क्षेत्र में स्वास्थ्य बुनियादी ढ़ांचे को मजबूत करने के लिए ई-टेन्डरिंग के माध्यम से ऑनलाईन निविदाएं आमंत्रित की गई हैं। कार्यालय अधिशाषी अभियंता द्वारा जारी की गई इस निविदा में भूरी-भड़ाज उपस्वास्थ्य केन्द्र भवन का 52 लाख रूपये की अनुमानित लागत से निर्माण करवाया जायेगा।