रानीवाड़ा/जालौर (महेन्द्र देवासी): बोहरा परिवार द्वारा पिछले तीन वर्षों से बालिकाओं एवं महिलाओं को आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी बनाने के उद्देश्य से संचालित निशुल्क स्कूटी प्रशिक्षण अभियान के एक और बैच के सफल समापन पर शनिवार को महालक्ष्मी मंदिर परिसर में 30 बालिकाओं एवं महिलाओं को लर्निंग लाइसेंस वितरित किए गए। कार्यक्रम भाजपा नेता मंजीराम चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में प्रशासक प्रतिनिधि मफाराम राणा, माहेश्वरी समाज अध्यक्ष एवं दैनिक नवज्योति ब्यूरो चीफ मदन लाल माहेश्वरी, निवर्तमान उप सरपंच अलका बोहरा, कांग्रेस महिला जिला कार्यकारिणी सदस्य पार्वती जीनगर, प्रशासक समिति सदस्य दक्षा अनिल माहेश्वरी, श्रीमाली समाज प्रतिनिधि भवानी शंकर त्रिवेदी, ललित बोहरा सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। स्कूटी प्रशिक्षण देने वाली दक्षा बोहरा एवं ममता सोलंकी का भी अतिथियों ने विशेष सम्मान किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बालिकाएं, महिलाएं एवं नगरवासी मौजूद रहे। कार्यक्रम के आयोजक एवं ग्राम विकास अधिकारी संघ के पूर्व जिला अध्यक्ष भाणाराम बोहरा ने बताया कि उनके परिवार द्वारा पिछले तीन वर्षों से लगातार निशुल्क स्कूटी प्रशिक्षण अभियान संचालित किया जा रहा है। अब तक करीब 350 बालिकाएं एवं महिलाएं इस अभियान के माध्यम से स्कूटी चलाना सीख चुकी हैं। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के बाद प्रत्येक प्रतिभागी को लर्निंग लाइसेंस बनवाने की व्यवस्था भी परिवार की ओर से निशुल्क करवाई जाती है, ताकि महिलाएं यातायात नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित रूप से वाहन चला सकें। अध्यक्षीय उद्बोधन में भाजपा नेता मंजीराम चौधरी ने कहा कि बोहरा परिवार का यह अभियान समाज में महिला सशक्तिकरण का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने कहा कि कोरोना काल हो या प्राकृतिक आपदा, बोहरा परिवार हमेशा सेवा कार्यों में अग्रणी रहा है और आज भी समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी का श्रेष्ठ निर्वहन कर रहा है। माहेश्वरी समाज अध्यक्ष एवं दैनिक नवज्योति ब्यूरो चीफ मदन लाल माहेश्वरी ने कहा कि बोहरा परिवार वर्षों से रानीवाड़ा की जनता के सुख-दुख में सहभागी रहा है। स्कूटी प्रशिक्षण एवं लर्निंग लाइसेंस वितरण जैसी पहल से बालिकाओं और महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ा है तथा वे आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने इस सेवा कार्य की भूरि-भूरि प्रशंसा की। कार्यक्रम की शुरुआत नवरात्रि महोत्सव के अवसर पर सभी प्रशिक्षित बालिकाओं एवं महिलाओं का तिलक लगाकर, पूजा-अर्चना कर तथा दुपट्टा ओढ़ाकर सम्मान करने से हुई। इसके बाद अतिथियों ने सभी प्रतिभागियों को लर्निंग लाइसेंस वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। समारोह के दौरान उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि बोहरा परिवार के इस निरंतर सेवा अभियान से रानीवाड़ा क्षेत्र में परिवार के प्रति लोगों की सकारात्मक सोच और विश्वास लगातार मजबूत हुआ है। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में यह पहल अन्य सामाजिक संगठनों के लिए भी प्रेरणास्रोत बन रही है। अंत में अलका बोहरा ने सभी अतिथियों, प्रशिक्षकों, प्रतिभागियों एवं उपस्थित नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी बोहरा परिवार समाजहित के ऐसे रचनात्मक एवं जनसेवा के कार्य निरंतर करता रहेगा।
*स्कूटी प्रशिक्षण के बाद 30 बालिकाओं व महिलाओं को लर्निंग लाइसेंस वितरित, बोहरा परिवार के सेवा कार्यों की सराहना
By -
July 19, 2026
0
Tags: