जगसरा मोड़ पर धधका आलू से भरा ट्रक, दमकल की त्वरित कार्रवाई से टला बड़ा हादसा

AYUSH ANTIMA
By -
0


निवाई (लालचंद माली): रविवार तड़के करीब 4:50 बजे गांव जगसरा मोड़ के समीप आलू की बोरियों से भरे एक ट्रक में अचानक भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते ट्रक से आग की ऊंची-ऊंची लपटें और काले धुएं के गुबार उठने लगे। सूचना मिलते ही नगर पालिका की दमकल टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाकर एक बड़े हादसे को टाल दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में ट्रक का बड़ा हिस्सा इसकी चपेट में आ गया और आलू की बोरियां भी जलने लगीं। घटना की सूचना मिलते ही नगर पालिका दमकल केंद्र से फायरमैन दिलखुश गुर्जर, देव गुर्जर तथा फायर ड्राइवर महावीर यादव तत्काल दमकल वाहन लेकर घटनास्थल पहुंचे। दमकल कर्मियों ने बिना समय गंवाए आग के मुख्य हिस्से पर पानी की तेज बौछारें शुरू कर दीं। आग की विकराल लपटों और घने धुएं के बीच लंबे समय तक चले राहत एवं बचाव अभियान के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। समय रहते आग पर नियंत्रण होने से ट्रक में लगी आग आसपास नहीं फैल सकी और बड़ा नुकसान होने से बच गया। ग्रामीणों और राहगीरों ने दमकल टीम की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि यदि टीम समय पर नहीं पहुंचती तो आग और भी विकराल रूप ले सकती थी तथा बड़ा हादसा हो सकता था। जानकारी के अनुसार ट्रक चालक नीरज कुमार उत्तर प्रदेश से आलू की बोरियां भरकर चित्तौड़गढ़ की ओर जा रहा था। आग लगने के कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल सका है। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। दमकल टीम की सूझबूझ और तत्परता से आग पर समय रहते नियंत्रण पा लिया गया, जिससे एक संभावित बड़ा हादसा टल गया।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!