पचपदरा से प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का झुंझुनूं में हुआ लाइव प्रसारण

AYUSH ANTIMA
By -
0
*पचपदरा से प्रधा


झुंझुनूं (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बालोतरा जिले के पचपदरा से आयोजित कार्यक्रम का शनिवार को जिला स्तरीय कार्यक्रम के तहत केशव आदर्श विद्या मंदिर, इंदिरा नगर में लाइव प्रसारण किया गया। कार्यक्रम में जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत मुख्य अतिथि रहे। इस अवसर पर बड़ी संख्या में नव नियुक्त कार्मिक, जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, आमजन एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। रोजगार उत्सव के अंतर्गत शिक्षा विभाग द्वारा विभिन्न विभागों के नवचयनित एवं नवनियुक्त अभ्यर्थियों का पंजीकरण किया गया। इसके पश्चात उन्हें मुख्यमंत्री का बधाई संदेश, स्वागत किट एवं नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम में उपस्थित युवाओं ने इस पहल को अपने जीवन का महत्वपूर्ण अवसर बताते हुए सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पचपदरा से दिए गए संबोधन एवं विभिन्न विकास परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास का सीधा प्रसारण भी देखा गया, जिसे उपस्थित लोगों ने उत्साहपूर्वक सुना। जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत ने जिला स्तरीय कार्यक्रम के दौरान कहा कि शेखावाटी अंचल को यमुना का पानी मिलने के ऐतिहासिक समझौते को लेकर राज्य सरकार ने प्रतिबद्धता दोहराई है। उन्होंने इस महत्वपूर्ण समझौते के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा का विशेष आभार व्यक्त किया। मंत्री ने कहा कि शेखावाटी क्षेत्र पिछले 30 वर्षों से यमुना के पानी का इंतजार कर रहा था, लेकिन पूर्ववर्ती सरकारों की राजनीतिक उदासीनता और इच्छाशक्ति की कमी के कारण यह क्षेत्र इस लाभ से वंचित रहा। हाल ही में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की उपस्थिति में हरियाणा और राजस्थान सरकार के बीच इस संबंध में एमओए (MOA) संपन्न हुआ है। उन्होंने जनता को आश्वस्त किया कि आगामी अक्टूबर-नवंबर तक इस योजना का काम धरातल पर दिखाई देने लगेगा, जिससे क्षेत्र को पीने के पानी के साथ-साथ सिंचाई के लिए भी पर्याप्त जल मिल सकेगा। भावी योजनाओं की जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश व उत्तराखंड में तीन नए बांध बनने जा रहे हैं, जिनमें राजस्थान की भी हिस्सेदारी है। इन बांधों के निर्माण के बाद शेखावाटी अंचल को बारह महीने निरंतर पानी की आपूर्ति सुनिश्चित हो सकेगी। झुंझुनूं विधायक राजेंद्र भांबू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राजस्थान दौरे और उनके द्वारा दी गई विकास योजनाओं की सौगातों की जमकर सराहना की। विधायक भांबू ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा राज्य को दिए गए 1 लाख 6 हजार करोड़ से अधिक के विकास प्रोजेक्ट्स से राजस्थान में उन्नति के एक नए युग की शुरुआत होगी। विधायक राजेंद्र भांबू ने कहा कि शेखावाटी क्षेत्र को लंबे समय से प्रतीक्षित यमुना जल समझौते की सौगात मिलने से क्षेत्र की करीब 75 लाख जनता में भारी उत्साह और खुशी का माहौल है। उन्होंने कहा कि शेखावाटी का हर नागरिक आज गदगद है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ-साथ प्रदेश के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का हृदय से आभार व्यक्त कर रहा है। भांबू ने कहा कि ऊर्जा, सड़क, मेट्रो और रेलवे जैसे विभिन्न क्षेत्रों में 1.06 लाख करोड़ के बुनियादी ढांचों (इन्फ्रास्ट्रक्चर) के लोकार्पण और शिलान्यास से राजस्थान को एक नई मजबूती मिलेगी। इन परियोजनाओं से राज्य के विकास को एक नई उड़ान मिलेगी, जिससे राजस्थान देश के अग्रणी और समर्थ राज्यों की श्रेणी में आकर खड़ा होगा। विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का जो सपना 'विकसित भारत 2047', 'आत्मनिर्भर भारत' और 'मेक इन इंडिया' को सिद्ध करने का है, उसे साकार करने में राजस्थान की भूमि और यहां की जनता अपनी सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने आज के दिन को राजस्थान के इतिहास में बेहद ऐतिहासिक और मील का पत्थर बताया। इस अवसर पर स्काउट-गाइड की बालिकाओं ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम को रंगारंग बना दिया। कार्यक्रम के सफल संचालन एवं व्यवस्थाओं में सीओ स्काउट महेश कलावत के नेतृत्व में स्काउट-गाइड के बालक एवं बालिकाओं ने अनुशासित एवं उत्कृष्ट सेवाएं प्रदान कीं। कार्यक्रम को जिला कलेक्टर डॉ.अरुण गर्ग, श्याम अग्रवाल, विश्वंभर पूनिया, अशोक परनामी, बनवारी लाल सैनी, प्यारेलाल ढुकिया ने भी संबोधित किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम का वर्चुअल प्रसारण जिले भर में किया गया। इस दौरान सभी नगर पालिकाएं, पंचायत समितियां व ग्राम पंचायतें वर्चुअल रूप से कार्यक्रम से जुड़े रहे।

*ये रहे मौजूद*

जल संसाधन मंत्री सुरेश रावत, विधायक राजेंद्र भांबू, पूर्व सांसद नरेंद्र कुमार, पूर्व विधायक शुभकरण चौधरी, पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सिंह सागर, निवर्तमान जिला प्रमुख हर्षिनी कुल्हरी, एडीएम अजय कुमार आर्य, सीईओ परशुराम धानका, सीडीईओ अशोक शर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी राजेश मील, सुनील लांबा, सरजीत चौधरी, राजेश बाबल, अरुणा सिहाग, रवि लांबा, दिलीप सैनी, भूपेंद्र सिंह शेखावत, अजय चाहर, संजय मोरवाल, जेपी चौधरी, ताराचंद सैनी, पुरुषोत्तम खाजपुरिया, सीए लोकेश अग्रवाल, संजय जांगिड़ सहित जनप्रतिनिधि, जिला स्तरीय अधिकारी तथा सैकड़ो की संख्या में अभ्यर्थी व आमजन उपस्थित रहे ।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!