निवाई (लालचंद माली): कभी विवादों और बंद कमरों में होने वाले फैसलों को लेकर चर्चा में रहने वाली मंदिर श्री बद्रीनाथ धाम की कृषि भूमि इस बार पूरी तरह खुले मंच पर नीलाम हुई। मंदिर श्री बद्रीनाथ धाम प्रबंध एवं विकास समिति (ट्रस्ट) द्वारा आयोजित सार्वजनिक वार्षिक नीलामी में पारदर्शिता और प्रतिस्पर्धा का ऐसा माहौल देखने को मिला कि कुल बोली 15 लाख 96 हजार रुपये तक पहुंच गई, जिसे ग्रामीणों ने अब तक की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। बुधवार को मंदिर परिसर में आयोजित नीलामी में नटवाड़ा सहित आसपास के गांवों के 35 किसानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सैकड़ों ग्रामीणों की मौजूदगी में पूरी प्रक्रिया खुली और निष्पक्ष तरीके से संपन्न हुई, जिससे किसी भी प्रकार के विवाद या पक्षपात की गुंजाइश नहीं रही।
कार्यक्रम की अध्यक्षता ट्रस्ट अध्यक्ष नाथू लाल शर्मा ने की। इस अवसर पर उपाध्यक्ष बद्री लाल विजय सहित ट्रस्ट समिति के सभी पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने सफल एवं पारदर्शी नीलामी पर संतोष व्यक्त किया। ट्रस्ट अध्यक्ष नाथू लाल शर्मा ने बताया कि नीलामी से प्राप्त 15.96 लाख रुपये की आय मंदिर के कायाकल्प, सौंदर्यीकरण, धार्मिक आयोजनों, विकास कार्यों तथा श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाओं के विस्तार पर खर्च की जाएगी। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट का लक्ष्य श्री बद्रीनाथ धाम को एक आदर्श धार्मिक एवं सांस्कृतिक केंद्र के रूप में विकसित करना है। ग्रामीणों ने भी ट्रस्ट समिति की पारदर्शी कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि जब व्यवस्था खुली और जवाबदेह होती है तो मंदिर की संपत्ति का वास्तविक मूल्य सामने आता है। उनका विश्वास है कि इस रिकॉर्ड आय से श्री बद्रीनाथ धाम के विकास कार्यों को नई गति मिलेगी और मंदिर की गरिमा और अधिक बढ़ेगी।