बीकानेर (मुकेश रामावत): केंद्रीय कारागृह बीकानेर में अनुकंपा नियुक्ति को लेकर फर्जी दस्तावेजों के इस्तेमाल का मामला सामने आया है। कारागृह प्रशासन की शिकायत पर बीछवाल थानाधिकारी दिग्पाल सिंह के निर्देश पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
*क्या है मामला*
कारागृह के सहायक प्रशासनिक अधिकारी सुरेश कुमार जोशी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि कारागृह के एक दिवंगत कर्मचारी की मृत्यु के बाद उनकी पत्नी ने अनुकंपा नियुक्ति प्राप्त करने के लिए कथित रूप से कूटरचित यानी फर्जी दस्तावेज पेश किए।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि इन फर्जी कागजों के आधार पर नियुक्ति प्रक्रिया में लाभ लेने की कोशिश की गई।
*थानाधिकारी दिग्पाल सिंह के निर्देश पर कार्रवाई*
शिकायत मिलने के बाद थानाधिकारी दिग्पाल सिंह ने मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित महिला के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कराया है। उन्होंने जांच की जिम्मेदारी एएसआई राजकुमार को सौंपी है। पुलिस अब प्रस्तुत किए गए दस्तावेजों की सत्यता और पूरे प्रकरण की बारीकी से जांच कर रही है। थानाधिकारी दिग्पाल सिंह ने बताया कि जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर नियमानुसार अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस दस्तावेजों के फॉरेंसिक परीक्षण और अन्य सबूत जुटाने में जुटी है।