एक रात, नौ वार... मोग्या गैंग की 'केबिल यात्रा' पर निवाई पुलिस ने लगाया ब्रेक

AYUSH ANTIMA
By -
0


निवाई (लालचंद माली): खेतों में किसानों की फसलों को पानी देने वाली मोटरों की केबिलों पर हाथ साफ कर मानो गांव को अंधेरे और सूखे की ओर धकेलने निकली शातिर मोग्या गैंग की 'रातों-रात कमाई' की योजना पर आखिरकार निवाई पुलिस ने पानी फेर दिया। गांव खण्देवत में एक ही रात में नौ अलग-अलग कुओं और बोरवेलों से पानी की मोटरों की केबिलें चोरी करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस ने गैंग का पर्दाफाश किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई विद्युत केबिलें और तार काटने के उपकरण भी बरामद किए गए हैं। थानाधिकारी घासीराम मीणा ने बताया कि पुलिस अधीक्षक रोशन मीना के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतन लाल भार्गव एवं डीवाईएसपी रविप्रकाश शर्मा के सुपरविजन में गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और खुफिया सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई करते हुए कैलाश उर्फ देवीलाल उर्फ नानच्यो, उसके पुत्र मुकेश उर्फ सुमान मोग्या (दोनों निवासी बड़ागांव खेड़ला रतनपुरा, थाना सलेमपुर, जिला दौसा) तथा श्योजीलाल मोग्या (निवासी अन्नपूर्णा डूंगरी, बम्बोर रोड, टोंक) को गिरफ्तार किया।
गौरतलब है कि परिवादी हरफूल गुर्जर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 17 जून की रात को चोरों ने गांव के हरिनारायण गुर्जर, बद्रीलाल गुर्जर, दुर्गाशंकर गुर्जर, श्योजी गुर्जर, हरफूल गुर्जर, हीरालाल गुर्जर, लक्ष्मण, जगदीश नायक और मदन नायक के कुओं एवं बोरवेलों से पानी की मोटरों की विद्युत केबिलें और रस्से चोरी कर लिए थे। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने गैंग तक पहुंचकर चोरी का माल बरामद कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी श्योजीलाल के खिलाफ सदर टोंक थाने में आर्म्स एक्ट का मामला दर्ज है, जबकि मुकेश उर्फ सुमान पर सुरवाल थाना (सवाई माधोपुर) में चोरी और नकबजनी के तीन मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और उनसे जुड़ी अन्य वारदातों की भी जांच कर रही है। इस कार्रवाई में सहायक उपनिरीक्षक जीतपाल, हेड कांस्टेबल शंकरलाल, हेड कांस्टेबल मुकेश तथा कांस्टेबल गजेन्द्रप्रताप सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!