निवाई (लालचंद माली): विद्या भारती राजस्थान द्वारा अपने विद्यालयों के पूर्व छात्रों को शिक्षा, समाज एवं सेवा गतिविधियों से पुनः जोड़ने के उद्देश्य से पूर्व छात्र पंजीयन एवं संपर्क अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत 1 जुलाई से 15 अगस्त तक पूर्व छात्रों का ऑनलाइन पंजीयन किया जाएगा। पूर्व छात्र परिषद विद्या भारती राजस्थान के प्रांत संयोजक सुनील चंदेल (पीपलू) ने बताया कि विद्या भारती के विद्यालयों में अध्ययन कर चुके विद्यार्थियों को संगठन से निरंतर जोड़े रखने के लिए पूर्व छात्र परिषद का गठन किया गया है। अभियान की रूपरेखा को लेकर सेवा धाम परिसर में आयोजित बैठक में क्षेत्रीय संगठन मंत्री गोविंद कुमार ने परिषद के उद्देश्यों एवं कार्ययोजना पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि जून माह तक देशभर में 10 लाख 66 हजार 195 पूर्व छात्र ऑनलाइन पोर्टल पर अपना पंजीयन करा चुके हैं। वहीं राजस्थान क्षेत्र के जयपुर, जोधपुर एवं चित्तौड़ प्रांत से अब तक 93 हजार 192 पूर्व छात्रों का पंजीयन दर्ज किया गया है।
बैठक का शुभारंभ ब्रह्मानंद से तथा समापन कल्याण मंत्र के साथ हुआ। अभियान के माध्यम से अधिकाधिक पूर्व छात्रों को संगठन से जोड़कर शिक्षा, सामाजिक सरोकारों और सेवा कार्यों में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है।