नटवाड़ा/निवाई (लालचंद माली): न्यायालय के आदेश की अनुपालना में मंदिर श्री बद्रीनाथ धाम, नटवाड़ा की भूमि को वर्षों बाद रिसीवरी से मुक्त कर विधिवत मंदिर ट्रस्ट समिति को सौंप दिया गया। राजस्व विभाग ने न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप कार्रवाई पूरी करते हुए मंदिर की भूमि का प्रबंधन एवं चार्ज ट्रस्ट समिति के सुपुर्द किया, जिससे ग्रामीणों और श्रद्धालुओं में खुशी की लहर दौड़ गई। जानकारी के अनुसार न्यायालय हाजा में विचाराधीन सरकार बनाम मंदिर श्री बद्रीनाथ धाम, नटवाड़ा प्रकरण में 3 जुलाई 2026 को पारित निर्णय की पालना में उपखंड मजिस्ट्रेट निवाई ने 6 जुलाई 2026 को तहसीलदार को धारा 165 के तहत मंदिर की भूमि को रिसीवरी से मुक्त कराने एवं आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। आदेश की अनुपालना में राजस्व विभाग ने समस्त वैधानिक प्रक्रिया पूर्ण करते हुए मंदिर की भूमि का कब्जा एवं प्रबंधन ट्रस्ट समिति को सौंप दिया। कार्यवाही के दौरान भू-प्रबंधन अधिकारी मोरपाल मीणा एवं उनकी पूरी राजस्व टीम मौजूद रही। न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप सभी औपचारिकताएं पूरी कर चार्ज हस्तांतरण की प्रक्रिया संपन्न कराई गई। मंदिर ट्रस्ट समिति के अध्यक्ष नाथूलाल शर्मा, महामंत्री घनश्याम गुप्ता, उपाध्यक्ष बद्री विजय, कोषाध्यक्ष भंवरलाल जाट, उप कोषाध्यक्ष रामकिशोर गुर्जर, मंत्री बबलेश वर्मा, संयुक्त प्रचार मंत्री मुकेश कीर, प्रचार मंत्री रामदेव प्रजापत सहित ट्रस्ट के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण इस ऐतिहासिक अवसर पर उपस्थित रहे। चार्ज हस्तांतरण के बाद ट्रस्ट पदाधिकारियों एवं ग्रामीणों ने राजस्व विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों का पुष्पमालाओं से स्वागत कर आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों ने कहा कि न्यायालय के आदेश की निष्पक्ष एवं समयबद्ध पालना से मंदिर की संपत्ति का प्रबंधन पुनः ट्रस्ट समिति को मिला है, जिससे धार्मिक, सामाजिक एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों को नई गति मिलेगी। ग्रामीणों ने इस दिन को मंदिर श्री बद्रीनाथ धाम, नटवाड़ा के इतिहास का गौरवपूर्ण और ऐतिहासिक क्षण बताते हुए न्यायालय एवं राजस्व प्रशासन के प्रति धन्यवाद व्यक्त किया।
वर्षों बाद बद्रीनाथ धाम की भूमि हुई रिसीवर मुक्त, राजस्व विभाग ने ट्रस्ट समिति को सौंपा चार्ज
By -
July 07, 2026
0
Tags: