चरागाह पर चला 'पीला पंजा', भू-माफियाओं के मंसूबों पर चला बुलडोजर

AYUSH ANTIMA
By -
0


निवाई (लालचंद माली): उपखंड क्षेत्र में सरकारी चरागाह भूमि पर कब्जा जमाकर कॉलोनी बसाने की कोशिश कर रहे अतिक्रमणकारियों पर मंगलवार को नगर पालिका का पीला पंजा जमकर चला। गांव बरथल स्थित बेशकीमती चरागाह भूमि पर किए गए अवैध कब्जों को दो जेसीबी मशीनों की मदद से ध्वस्त कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान अवैध तारबंदी, बनाई गई सड़कें और अन्य निर्माण हटाए गए, जिससे भू-माफियाओं और अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया। नगर पालिका के अधिशाषी अधिकारी मनोहर लाल जाट के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई में अधिकारियों की टीम ने मौके पर पहुंचकर सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया। जाट ने बताया कि चरागाह भूमि पर अवैध कब्जा कर उसे विकसित कॉलोनी का रूप देने का प्रयास किया जा रहा था, जिसे समय रहते ध्वस्त कर दिया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि शहर और आसपास के क्षेत्रों में हो रहे सभी अवैध अतिक्रमणों की गहन जांच कर शीघ्र ही इसी प्रकार की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही भू-माफियाओं द्वारा किसानों से खरीदी गई जमीनों के रिकॉर्ड की भी बारीकी से जांच होगी, ताकि किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी सामने आने पर कठोर कार्रवाई की जा सके।
गौरतलब है कि उपखंड क्षेत्र में बिना नियमानुसार भूमि रूपांतरण कराए कृषि भूमि पर धड़ल्ले से अवैध कॉलोनियां काटी जा रही हैं। खेतों में खेती की बजाय सड़कें, बिजली के पोल और अन्य सुविधाएं विकसित कर भू-खंड बेचे जा रहे हैं। मंगलवार की बुलडोजर कार्रवाई ने ऐसे लोगों को स्पष्ट संदेश दे दिया कि सरकारी जमीन पर कब्जे और अवैध कॉलोनियों का खेल अब ज्यादा दिनों तक नहीं चलने वाला।
कार्रवाई के दौरान आरआई मनीष गौर, सफाई निरीक्षक गजेंद्र सिंह, सहायक अभियंता चंद्रप्रकाश चौधरी, पप्पूलाल मीणा, कनिष्ठ अभियंता राजप्रताप सिंह राणावत, कमलेश कुंतल सहित नगर पालिका के कई अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!