निवाई (लालचंद माली): भांवती रोड स्थित एक पत्थर फैक्ट्री में कथित रूप से डाली गई अवैध बिजली लाइन आखिरकार हादसे का कारण बन गई। करंट की चपेट में आने से एक भैंस की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसे बचाने का प्रयास कर रही वृद्धा गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। लोगों का कहना है कि यदि अवैध बिजली कनेक्शन पर समय रहते कार्रवाई होती तो यह हादसा टाला जा सकता था। प्राप्त जानकारी के अनुसार ललवाड़ी-भांवती रोड स्थित पत्थर फैक्ट्री के पास फैली अवैध बिजली लाइन की चपेट में आने से प्रशासक मदन लाल मीणा की भैंस की मौत हो गई। भैंस को बचाने के लिए दौड़ी उनकी मां गडुली देवी पत्नी हरसहाय मीणा भी करंट लगने से गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायल वृद्धा को तत्काल उप जिला अस्पताल पहुंचाया तथा पुलिस और विद्युत विभाग को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस एवं विद्युत विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध बिजली लाइनें डाली जा रही हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग आंखें मूंदे बैठा है। उनका कहना है कि विभागीय लापरवाही और अवैध बिजली कनेक्शनों पर कार्रवाई नहीं होने का खामियाजा अब आम लोगों और बेजुबान पशुओं को अपनी जान देकर चुकाना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा क्षेत्र में चल रही सभी अवैध बिजली लाइनों को तत्काल हटाने की मांग की है।