पावटा (राहुल शर्मा): राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देशानुसार एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोटपूतली के अध्यक्ष रवि शर्मा के आदेश पर मंगलवार को राजकीय नर्मदा देवी बिहारी लाल जोशी कन्या विद्यालय, पावटा में ट्रांसफॉर्मेटिव ट्यूजडे अभियान के तहत से नो टू ड्रग्स, से येस टू यूअर ड्रीम्स विषय पर विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता न्यायिक मजिस्ट्रेट पूजा धानिया ने की। शिविर का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों, उनसे जुड़े कानूनी प्रावधानों तथा स्वस्थ, सुरक्षित एवं सकारात्मक जीवनशैली के प्रति जागरूक करना रहा। न्यायिक मजिस्ट्रेट पूजा धानिया ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नहीं, बल्कि उसके परिवार, समाज और भविष्य को भी प्रभावित करता है। विशेषकर किशोरावस्था में नशीले पदार्थों की लत जीवन के सुनहरे अवसरों को छीन सकती है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे नशे से स्वयं दूर रहें और अपने परिवार व समाज को भी इसके प्रति जागरूक करें। शिविर में उपस्थित अधिकारियों ने छात्राओं को मादक द्रव्यों से जुड़े अपराधों, उनके कानूनी परिणामों तथा नशे की लत से बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही बताया कि यदि कोई व्यक्ति नशे की समस्या से जूझ रहा है तो उसे समय रहते उचित परामर्श और उपचार उपलब्ध कराना बेहद आवश्यक है। विद्यार्थियों को आत्मविश्वास, अनुशासन, खेलकूद, योग तथा रचनात्मक गतिविधियों को अपनाकर अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर नालसा की राष्ट्रीय हेल्पलाइन 15100 की जानकारी भी दी गई तथा बताया गया कि विधिक सहायता, कानूनी परामर्श एवं अन्य आवश्यक सहयोग के लिए इस हेल्पलाइन का निःशुल्क उपयोग किया जा सकता है।
*"कोर्ट वाली दीदी" शिकायत पेटिका स्थापित*
कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय परिसर में "कोर्ट वाली दीदी" नाम से शिकायत पेटिका स्थापित की गई। न्यायिक मजिस्ट्रेट पूजा धानिया ने छात्राओं को बताया कि यदि उन्हें किसी भी प्रकार की समस्या, उत्पीड़न या शिकायत हो तो वे बिना किसी संकोच के अपनी बात इस पेटिका के माध्यम से गोपनीय रूप से दर्ज कर सकती हैं, जिससे समय पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। शिविर में न्यायिक मजिस्ट्रेट पूजा धानिया के साथ जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोटपूतली के एलएडीसीएस अधिवक्तागण, पीएलवी ममता शर्मा, अन्य अधिकारीगण तथा विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। कार्यक्रम के अंत में छात्राओं ने "नशे को ना, सपनों को हाँ" का संकल्प लेकर समाज को नशामुक्त बनाने का संदेश दिया।