श्रीकोलायत/बीकानेर (मुकेश रामावत): क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से परेशान ग्रामीण शुक्रवार को सड़कों पर उतर आए। बड़ी संख्या में लोग हाथों में तख्तियां लेकर अंबेडकर सर्किल से सीओ कार्यालय तक पैदल मार्च करते हुए पहुंचे और जमकर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का कहना था कि पिछले कुछ महीनों से क्षेत्र में चोरी की वारदातें लगातार बढ़ रही हैं। घरों, दुकानों और खेतों में चोरी हो रही है, लेकिन पुलिस रिपोर्ट दर्ज होने के बावजूद न तो आरोपी पकड़े जा रहे हैं और न ही चोरी गया सामान वापस मिल रहा है। इससे पूरे इलाके में डर और असुरक्षा का माहौल है। प्रदर्शनकारियों ने सीओ को ज्ञापन सौंपते हुए मांग की कि सभी लंबित चोरी के मामलों का जल्द खुलासा किया जाए। आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का माल बरामद किया जाए और पीड़ितों को न्याय मिले। साथ ही गांवों में रात्री गश्त बढ़ाने और संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग भी रखी। ज्ञापन देते समय ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि अगर जल्द ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
चोरियों से तंग आकर ग्रामीणों का हल्ला बोल, सीओ ऑफिस तक निकाली पैदल रैली, कार्रवाई की मांग
By -
July 17, 2026
0
Tags: