नारायणपुर (प्रदीप जांगिड़): कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए जिला कांग्रेस कमेटी कोटपूतली-बहरोड़ के अध्यक्ष इन्द्राज गुर्जर ने पदाधिकारियों का कार्य विभाजन जारी किया है। संगठन महासचिव सूर्यकान्त शर्मा के अनुसार प्रदेश कांग्रेस के निर्देशों पर उपाध्यक्षों को ब्लॉक, महासचिव व सचिवों को मंडल कांग्रेस का प्रभारी नियुक्त किया गया है। वीरेन्द्र सैन को उपाध्यक्ष प्रभारी ब्लॉक कांग्रेस नारायणपुर पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है, वहीं नारायणपुर क्षेत्र दो विधानसभा में आता है, इसलिए कुलदीप यादव को महासचिव प्रभारी मंडल कांग्रेस नारायणपुर, विधानसभा कोटपूतली और मनोज शर्मा को सचिव प्रभारी मंडल कांग्रेस नारायणपुर, विधानसभा बानसूर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
नवनियुक्त प्रभारी अब अपने क्षेत्र में बूथ स्तर तक संगठन का विस्तार, सदस्यता अभियान और जनसंपर्क करेंगे।नियुक्तियों के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह है। स्थानीय नेताओं ने बताया कि लंबे समय से ब्लॉक व मंडल स्तर पर प्रभारी की मांग थी। अब जिम्मेदारी तय होने से संगठन को मजबूती मिलेगी और जनता की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाया जा सकेगा। जिला अध्यक्ष इन्द्राज गुर्जर ने बताया कि सभी पदाधिकारियों को बूथ को मजबूत करने और जनसेवा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए हैं। वीरेन्द्र सैन, कुलदीप यादव और मनोज शर्मा ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व द्वारा दी गई इस नियुक्ति पर खुशी जताई है और कहा कि वे पार्टी द्वारा दी गई जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा से निभाते हुए संगठन को मजबूत करने के लिए कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर काम करेंगे।