हरसौली (जयबीर सिंह): कस्बे में हुई बारिश के बाद आयुर्वेदिक अस्पताल के मुख्य द्वार, बस स्टॉप और मुख्य सड़क पर भारी जलभराव हो गया। सड़क पर कई फीट तक पानी जमा होने से मरीजों, महिलाओं, बुजुर्गों, स्कूली बच्चों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अस्पताल आने वाले मरीजों को पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है। बस स्टॉप भी जलमग्न होने से यात्रियों को सुरक्षित स्थान नहीं मिल पा रहा। दोपहिया और चारपहिया वाहन पानी में धीरे-धीरे निकलने को मजबूर हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा भी बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हर वर्ष बारिश के समय यही स्थिति बनती है। नालियों की सफाई और जल निकासी की स्थायी व्यवस्था नहीं होने के कारण थोड़ी सी बारिश में ही सड़क तालाब का रूप ले लेती है। लोगों ने प्रशासन से शीघ्र जल निकासी, नालों की सफाई और स्थायी समाधान की मांग की है।
*स्थानीय लोगों की प्रमुख मांगें*
* आयुर्वेदिक अस्पताल के सामने जलभराव की तत्काल निकासी।
* बंद एवं क्षतिग्रस्त नालियों की सफाई और मरम्मत।
* मुख्य सड़क पर स्थायी जल निकासी व्यवस्था।
* बस स्टॉप क्षेत्र को जलभराव मुक्त किया जाए ताकि यात्रियों को राहत मिल सके।