झुंझुनूं (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): झुंझुनूं के सांसद बृजेंद्र सिंह ओला ने गुरुवार को लोकसभा में अतारांकित प्रश्न के माध्यम से प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के प्रभावी क्रियान्वयन, कम बीमा कवरेज और किसानों के बीमा दावों से जुड़े मुद्दे उठाए। उन्होंने कहा कि प्रीमियम जमा कराने के बावजूद कई किसानों को बीमा क्लेम नहीं मिलता या बहुत कम राशि का भुगतान किया जाता है, जो किसानों के साथ अन्याय है। सांसद ने कहा कि सरकार के जवाब के अनुसार वर्ष 2025-26 में राजस्थान के कुल सकल फसल क्षेत्र का केवल 36 प्रतिशत और झुंझुनूं जिले का 42 प्रतिशत कृषि क्षेत्र ही फसल बीमा के दायरे में है, जिससे बड़ी संख्या में किसान अब भी प्राकृतिक आपदाओं के समय आर्थिक जोखिम उठाने को मजबूर हैं। उन्होंने यह भी कहा कि तकनीकी कारणों से किसानों के आवेदन निरस्त हो रहे हैं, लेकिन सरकार ने ऐसे मामलों की संख्या नहीं बताई, जो योजना के क्रियान्वयन में गंभीर खामी को दर्शाता है। सांसद ओला ने केंद्र सरकार से सभी पात्र किसानों को योजना से जोड़ने, तकनीकी कारणों से आवेदन निरस्त होने की समस्या दूर करने, बीमा दावों का समयबद्ध एवं पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित करने तथा राज्यों को बेहतर फसल बीमा योजनाओं के लिए वित्तीय सहयोग उपलब्ध कराने की मांग की।
लोकसभा में सांसद बृजेंद्र सिंह ओला ने उठाया फसल बीमा का मुद्दा: बोले- लाखों किसान अब भी योजना से वंचित
By -
July 23, 2026
0
Tags: