बीकानेर (मुकेश रामावत): श्रीकोलायत क्षेत्र के दियातरा गांव में सोमवार रात बाबा रामदेव मंदिर के पास खाद्य तेल से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद सड़क पर बड़ी मात्रा में तेल फैल गया, जिससे मार्ग पर फिसलन पैदा हो गई और वहां से गुजरने वाले वाहनों के लिए दुर्घटना का खतरा बढ़ गया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण विजय सिंह और अर्जुन सिंह मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभालने का प्रयास शुरू किया। उन्होंने तुरंत जेसीबी ऑपरेटर मनोज कुमार नायक को बुलाया। जेसीबी की सहायता से सड़क पर फैले तेल के ऊपर मिट्टी डलवाई गई, जिससे फिसलन कम हुई और संभावित दुर्घटनाओं को टाल दिया गया। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए वाहनों की आवाजाही नियंत्रित की, ताकि कोई अन्य हादसा न हो। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का अभी खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। ग्रामीणों की सतर्कता, जेसीबी की त्वरित सहायता और पुलिस की सक्रियता से समय रहते स्थिति पर काबू पा लिया गया, जिससे एक संभावित बड़ा हादसा टल गया। क्षेत्रवासियों ने राहत कार्य में सहयोग करने वाले सभी लोगों की सराहना की।
3/related/default