नोखा/बीकानेर (मुकेश रामावत): नोखा थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। एक युवती से दुष्कर्म और उसकी नाबालिग बहन से छेड़छाड़ कर अश्लील फोटो-वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने के मामले में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए हुलिया बदलकर सीकर जिले के लक्ष्मणगढ़ क्षेत्र में एक ईंट-भट्टे पर मजदूरी कर रहा था, जहां सिविल ड्रेस में पहुंची पुलिस टीम ने उसे दबोच लिया। पुलिस के अनुसार पीड़िताओं के पिता ने 29 अप्रैल 2026 को नोखा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया कि उनकी 25 वर्षीय और 13 वर्षीय पुत्रियां नोखा रेलवे स्टेशन के पास सामान लेने आई थीं। इसी दौरान भंवराराम नामक व्यक्ति उनसे मिला और परिचित होने का विश्वास दिलाकर दोनों को एक होटल में ले गया। आरोप है कि वहां आरोपी ने बड़ी बेटी के साथ दुष्कर्म किया और छोटी बेटी के साथ छेड़छाड़ कर अश्लील फोटो-वीडियो बना लिए। इसके बाद जान से मारने और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर दोनों को गांव भेज दिया। रिपोर्ट में यह भी आरोप है कि आरोपी ने बाद में बड़ी बेटी को दोबारा नोखा बुलाकर उसके साथ फिर से दुष्कर्म किया। साथ ही अश्लील फोटो और वीडियो पीड़िता तथा उसके रिश्तेदारों को भेज दिए। घटना के बाद दोनों बहनें मानसिक तनाव में आ गईं, जिन्हें परिजनों ने समझाकर कानूनी कार्रवाई के लिए तैयार किया। मामला दर्ज होने के बाद थानाधिकारी अरविंद भारद्वाज के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। लगातार दबिश और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने भंवराराम निवासी गोन्दुसर, थाना साण्डवा, जिला चूरू को लक्ष्मणगढ़ स्थित एक ईंट-भट्टे से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपी पहचान छिपाने के लिए हुलिया बदलकर मजदूरी कर रहा था। सिविल ड्रेस में पहुंची टीम ने उसकी पहचान कर हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद पॉक्सो एक्ट, दुष्कर्म एवं अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले की गहन जांच कर रही है।
हुलिया बदलकर ईंट-भट्टे पर कर रहा था मजदूरी, दुष्कर्म का आरोपी गिरफ़्तार
By -
July 01, 2026
0
Tags: