कोटपूतली (ईशाक खान): ट्रांसफॉर्मेटिव ट्यूजडे कार्यक्रम के तहत से नो टू ड्रग्स, से येस टू यूअर ड्रीम्स, विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन मंगलवार को राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के तत्वाधान में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अध्यक्ष रवि शर्मा के निर्देशानुसार किया गया, जिसमें वरिष्ठ न्यायिक अधिकारियों ने हिस्सा लिया। इस मौके पर एडीजे लक्ष्मण विश्नाई, राजेश कुमार, अंजुम खान, सुरेश कुमार, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव नीलम मीणा, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट स्वाति पारीक, अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सुमन मीणा, न्यायिक मजिस्ट्रेट आकांक्षा बंशीवाल, अतिरिक्त न्यायिक मजिस्ट्रेट ऐंजल व न्यायिक मजिस्ट्रेट (पावटा) पूजा धानियां आदि अधिकारियों ने विद्यार्थियों से सीधा संवाद किया। शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों को नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों, समाज एवं परिवार पर उनके प्रतिकूल प्रभाव तथा नशे से दूर रहने हेतु प्रेरित करना तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए जागरूक करना था।
*नशे के खिलाफ किया जागरूक*
न्यायिक अधिकारियों ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आर्थिक जीवन को पूरी तरह बर्बाद कर देता है। खासकर किशोर और युवा अवस्था में नशीले पदार्थों का सेवन भविष्य को अंधकार में डाल देता है। शिविर में बच्चों को मादक द्रव्यों से जुड़े अपराधों और उनके गंभीर कानूनी परिणामों (कानूनन सजा) के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। विद्यार्थियों से अपील की गई कि वे किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहें तथा इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करें। शिविर में विद्यार्थियों को मादक द्रव्यों से संबंधित अपराधों एवं उनके कानूनी परिणामों की जानकारी भी दी गई। साथ ही उन्हें बताया गया कि यदि कोई व्यक्ति नशे की समस्या से जूझ रहा है, तो उसे समय रहते परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराना आवश्यक है एवं विद्यार्थियों को आत्मविष्वास, अनुशासन, खेलकूद, योग एवं सकारात्मक गतिविधियों को अपनाने के लिए प्रेरित किया, ताकि वे नशे जैसी बिमारियों से दूर रह सकें। इस दौरान बालकों को नालसा की राष्ट्रीय हैल्पलाईन 15100 के बारे में भी जानकारी देते हुए बताया गया कि विधिक सहायता, मार्गदर्शन एवं अन्य आवश्यक सहयोग के लिए इस हैल्पलाईन से संपर्क किया जा सकता हैं। कार्यक्रम के बाद विद्यालयों में ‘कोर्ट वाली दीदी’ नामक शिकायत पेटिका भी रखवाते हुए उपस्थित विद्यार्थियों को बताया गया कि उनको किसी भी प्रकार की समस्या होने पर इस शिकायत पेटिका में शिकायत डाल सकते है। इस दौरान अधिकारियों के साथ जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के एलएडीसीएस अधिवक्तागण एवं पीएलवी भी मौजूद रहे।