नोखा/बीकानेर (मुकेश रामावत (मुकेश रामावत): नोखा थाना क्षेत्र में नमकीन की डीलरशिप दिलाने के नाम पर एक उद्योगपति से लाखों रुपये की ठगी और माल से लदा वाहन गायब करने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने 4 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। नोखा रिको एरिया स्थित बिश्नोई भुजिया उद्योग के संचालक ओमप्रकाश बिश्नोई ने पुलिस को बताया कि करीब 5 महीने पहले फलोदी तहसील के मानेवड़ा निवासी रामपाल, प्रेम, सुरेश और रासीसर के सुरेश बिश्नोई उनकी फैक्ट्री आए थे। आरोपियों ने खुद को मेडिकल और गैस सप्लाई का कारोबारी बताते हुए हैदराबाद में नमकीन की डीलरशिप लेने की इच्छा जताई। समझौते के तहत आरोपियों ने वाहन की सुरक्षा राशि के रूप में 1.80 लाख रुपये और माल की अग्रिम राशि जमा कराई। इसके बाद नमकीन से भरा ट्रक हैदराबाद भेजा गया जिसे सुरेश बिश्नोई ड्राइवर बनकर ले गया। आरोप है कि गाड़ी पहुंचने के बाद आरोपियों ने अंतिम बिल की 1 लाख 69 हजार 580 रुपये की राशि देने से मना कर दिया। बाद में पता चला कि उक्त वाहन से दूसरी कंपनी का माल बेचा जा रहा है। जब संचालक ने चालक और रामपाल से संपर्क कर गाड़ी वापस मांगी तो दोनों ने वाहन अपने पास होने से इनकार कर दिया।
ओमप्रकाश बिश्नोई का आरोप है कि चारों ने मिलकर साजिश रचकर माल सहित वाहन गायब कर दिया और उनके साथ आर्थिक धोखाधड़ी की। नोखा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।