हक की किताब से कानून तक: जमात की छात्राओं को मिला आत्मरक्षा और अधिकारों का पाठ

AYUSH ANTIMA
By -
0


निवाई (लालचंद माली): महिला सुरक्षा और बालिका सशक्तिकरण को लेकर राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय ढाणी जमात में छात्राओं के लिए जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। पुलिस थाना में संचालित महिला सुरक्षा एवं सलाह केंद्र के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यशाला का नेतृत्व अधिकारिता विभाग की सहायक निदेशक मेरिगटन सोनी ने किया। इसमें कक्षा 6 से 8 तक की छात्राओं को उनके अधिकारों, सरकारी योजनाओं और महिला सुरक्षा कानूनों की विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यशाला में महिला सुरक्षा एवं सलाह केंद्र की काउंसलर डॉ.सुनीता शर्मा एवं एडवोकेट नीतू सिंह विजय ने छात्राओं को लाड़ो प्रोत्साहन योजना की जानकारी देते हुए बताया कि सरकार बेटी के जन्म से 21 वर्ष की आयु तक सात किश्तों में कुल 1.50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करती है। इसके अलावा उड़ान योजना के तहत निःशुल्क सेनेट्री पैड, उद्यम प्रोत्साहन योजना के माध्यम से महिलाओं को स्वरोजगार के लिए ऋण तथा शिक्षा सेतु (ड्रॉप आउट) योजना के अंतर्गत 10वीं एवं 12वीं उत्तीर्ण महिलाओं को निःशुल्क कंप्यूटर प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाता है। उन्होंने सखी वन स्टॉप सेंटर की सेवाओं की जानकारी देते हुए बताया कि यहां पीड़ित महिलाओं और बालिकाओं को एक ही स्थान पर चिकित्सा, कानूनी सहायता, मनोवैज्ञानिक परामर्श, पुलिस सहायता तथा अस्थायी आश्रय जैसी सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। एडवोकेट नीतू सिंह विजय ने छात्राओं को घरेलू हिंसा, लैंगिक उत्पीड़न, कार्यस्थल पर यौन शोषण, साइबर अपराध तथा महिला सुरक्षा से जुड़े कानूनों की जानकारी दी। उन्होंने महिला हेल्पलाइन, गरिमा हेल्पलाइन एवं राष्ट्रीय महिला हेल्पलाइन के बारे में भी विस्तार से बताते हुए कहा कि "महिलाओं और बालिकाओं को अपने अधिकारों एवं कानूनों की जानकारी होना आवश्यक है। जागरूकता ही सुरक्षा और आत्मविश्वास की सबसे बड़ी ताकत है।" कार्यशाला के दौरान छात्राओं ने भी विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं को आत्मनिर्भर, जागरूक और कानून के प्रति सजग बनाना रहा।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!