निवाई (लालचंद माली): अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के आह्वान पर ब्लॉक एवं शहर कांग्रेस कमेटी ने गुरुवार को नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के साथ कथित दुर्व्यवहार तथा छात्रों के भविष्य से जुड़े मुद्दों को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। पीसीसी महासचिव एवं पूर्व विधायक प्रशान्त बैरवा के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहर में विरोध रैली निकालकर मोदी सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और अहिंसा सर्किल पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का पुतला दहन कर अपना विरोध जताया। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट शंकर लाल जाट एवं शहर कांग्रेस अध्यक्ष सतीश शर्मा ने बताया कि प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और एआईसीसी महासचिव प्रियंका गांधी को कथित रूप से हिरासत में लिए जाने की निंदा करते हुए इसे लोकतांत्रिक मूल्यों पर हमला बताया, साथ ही छात्रों के हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग भी उठाई।
विरोध रैली अहिंसा सर्किल से शुरू होकर बस स्टैंड और पटेल रोड होते हुए पुनः अहिंसा सर्किल पहुंची। पूरे मार्ग में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इसके बाद प्रधानमंत्री का पुतला दहन कर प्रदर्शन का समापन किया गया। प्रदर्शन में पूर्व शहर अध्यक्ष महावीर पराणा, राजेश चौधरी, प्रदीप पारीक, ब्रह्मप्रकाश गुर्जर, पीपलू ब्लॉक अध्यक्ष हंसराज मीणा, प्रवीण माणू, हंसराज गुर्जर, शिवपाल खंडवा, पप्पू मीणा, पारस पहाड़ी, महेन्द्र गोमल, पारस माली, दुर्गालाल माली, प्रेमचंद डीलर, विक्रम सिंह गुर्जर, पूर्व एनएसयूआई अध्यक्ष बाबूलाल मीणा, राजेश भट्ट, बनवारी लाल मीणा, पीयूष बेनीवाल, आरिफ कुरैशी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।