ग्रामीण सेवा शिविर में महिला सशक्तिकरण की पहल, खिलौना बैंक उद्घाटन से लेकर गोद भराई व प्रवेशोत्सव तक हुए आयोजन

AYUSH ANTIMA
By -
0


निवाई (लालचंद माली): राजस्थान सरकार के निर्देशानुसार बुधवार को ग्राम पंचायत नटवाड़ा में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर के दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग तथा महिला अधिकारिता विभाग की ओर से विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए गए। शिविर में विशेष अभियान के तहत खिलौना बैंक का उद्घाटन, गर्भवती महिलाओं की गोदभराई, तीन वर्ष पूर्ण कर चुके बच्चों का आंगनवाड़ी प्रवेशोत्सव तथा महिला जागरूकता कार्यक्रम संपन्न हुआ। कार्यक्रम के दौरान सरपंच कैलाशी देवी एवं सीडीपीओ संगीता दीपक ने गर्भवती महिला की गोदभराई की रस्म अदा कर उन्हें संतुलित पोषण, नियमित स्वास्थ्य जांच तथा मातृ स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारियां प्रदान कीं। साथ ही तीन वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके बच्चों के अभिभावकों को बच्चों को आंगनवाड़ी केंद्रों से जोड़कर प्रारंभिक बाल शिक्षा का लाभ दिलाने के लिए प्रेरित किया गया। महिला पर्यवेक्षक कविता टेलर ने आंगनवाड़ी केंद्रों पर संचालित सामुदायिक आधारित गतिविधियों, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, मुख्यमंत्री मातृत्व पोषण योजना सहित विभाग की विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए पात्र महिलाओं से अधिकाधिक लाभ उठाने का आह्वान किया। वहीं महिला अधिकारिता विभाग की पर्यवेक्षक मीरा चौधरी ने महिलाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा कानूनों एवं महिला हितैषी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान के तहत पोषण, शिक्षा, बाल विवाह रोकथाम तथा महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण जैसे विषयों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने घरेलू हिंसा से संरक्षण अधिनियम-2005 की जानकारी देते हुए बताया कि यह कानून महिलाओं को शारीरिक, मानसिक, यौन एवं आर्थिक उत्पीड़न से सुरक्षा प्रदान करता है। साथ ही टोंक जिला अस्पताल स्थित सखी वन स्टॉप सेंटर एवं ब्लॉक स्तरीय महिला सुरक्षा एवं सम्मान केंद्र की सेवाओं की जानकारी भी साझा की। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक बनाकर उन्हें सामाजिक एवं आर्थिक रूप से सशक्त बनाना रहा।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!