भीनासर स्कूल में कालिका पेट्रोलिंग यूनिट का जागरूकता सत्र

AYUSH ANTIMA
By -
0

बीकानेर (मुकेश रामावत): महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा को मजबूत करने के उद्देश्य से जिला पुलिस की कालिका पेट्रोलिंग यूनिट ने मंगलवार को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, भीनासर में एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में छात्राओं को आत्मरक्षा के साथ-साथ नशामुक्ति का संदेश भी दिया गया। कालिका यूनिट की सदस्य गीता और जशोदा ने छात्राओं को संबोधित करते हुए बताया कि कालिका पेट्रोलिंग यूनिट राजस्थान सरकार की विशेष महिला पुलिस गश्ती इकाई है। यह टीम स्कूल, कॉलेज, बाजार और भीड़-भाड़ वाले इलाकों में नियमित गश्त कर महिलाओं के खिलाफ छेड़छाड़ और मनचलों की गतिविधियों पर रोक लगाती है। उन्होंने छात्राओं को आपातकालीन स्थिति में मदद के लिए राजकॉप ऐप और डायल 112 हेल्पलाइन के उपयोग के बारे में विस्तार से बताया। साथ ही पुलिस की सहायता कैसे ली जाए, इसको लेकर भी मार्गदर्शन किया। कार्यक्रम के दौरान कक्षा 10 की छात्रा दिव्या नायक ने पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के ‘ऑपरेशन नीलकंठ’ अभियान के बारे में जानकारी दी। उन्होंने नशे के शारीरिक और मानसिक दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए "नो टू ड्रग्स" का संदेश दिया। विद्यालय के प्राचार्य डॉ.करनीदान कच्छवाह ने सभी विद्यार्थियों को नशामुक्त जीवन अपनाने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी नशे से दूर रहकर ही स्वस्थ और सुरक्षित समाज का निर्माण कर सकती है। शिक्षक तोलाराम और सुनील कुमार ने भी बच्चों को स्वयं नशे से बचने और दूसरों को जागरूक करने का संकल्प दिलाया। कार्यक्रम के समापन पर प्राचार्य डॉ.कच्छवाह ने कालिका पेट्रोलिंग यूनिट का आभार जताते हुए कहा कि इस तरह के सत्र छात्राओं में आत्मविश्वास बढ़ाने और उन्हें सुरक्षा के प्रति सजग बनाने में अहम भूमिका निभाते हैं।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!