बीकानेर (मुकेश रामावत): सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल और पहले से कई बीमारियों से पीड़ित एक मरीज को पीबीएम के राजकीय ट्रॉमा सेंटर के डॉक्टरों ने नया जीवन दिया है। मल्टी-स्पेशलिटी टीम के समन्वय से किए गए जटिल ऑपरेशन के बाद मरीज अब तेजी से रिकवर कर रहा है।
ट्रॉमा सेंटर के निदेशक एवं वरिष्ठ आचार्य डॉ.बीएल खजोटिया ने बताया कि गंगाशहर के 52 वर्षीय सुभाष चंद्र जैन सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। हादसे में उनके बाएं पैर में कई जगह फ्रैक्चर हो गया था। सबसे बड़ी चुनौती यह थी कि मरीज पहले से ही गंभीर डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर और हाईपरलिपिडिमिया से ग्रसित थे और इंसुलिन पर निर्भर थे। हादसे के बाद वे मानसिक रूप से भी टूट गए थे और उन्हें दोबारा चलने की उम्मीद कम थी। डॉ.खजोटिया ने बताया कि मरीज को तुरंत ट्रॉमा सेंटर की आपातकालीन इकाई में भर्ती किया गया। एक्स-रे, एमआरआई सहित सभी जरूरी जांचें की गईं। हृदय रोग और शुगर विशेषज्ञों से सलाह के बाद जोखिम भरे ऑपरेशन का फैसला लिया गया। डॉ.बीएल खजोटिया के नेतृत्व में सर्जरी सफलता पूर्वक संपन्न हुई। ऑपरेशन के बाद मरीज की नियमित फिजियोथेरेपी शुरू की गई।
चिकित्सकों के प्रयासों का असर यह हुआ कि उपचार के मात्र सात दिन बाद ही मरीज वॉकर की मदद से चलने लगा। डॉक्टरों के अनुसार मरीज की हालत अब स्थिर है और वह तेजी से स्वस्थ हो रहा है। डॉक्टरों ने इस केस को जटिल और हाई-रिस्क मरीजों के सफल प्रबंधन का एक अहम उदाहरण बताया। पीबीएम ट्रॉमा सेंटर की इस उपलब्धि से क्षेत्र के लोगों को जटिल दुर्घटनाओं के इलाज में भी भरोसा बढ़ा है।