बीकानेर (मुकेश रामावत): आम आदमी पार्टी ने आगामी पंचायती राज एवं नगर निकाय चुनावों की तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में रविवार रात बीकानेर के रिड़मलसर सिपाहियान स्थित डोंगरी चाय, शरीफ भाई की दुकान के सामने पार्टी की संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में राजस्थान के सह-प्रभारी त्रिलोक दीप ने कार्यकर्ताओं के साथ विस्तार से चर्चा की। बैठक का मुख्य उद्देश्य संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना, नए सदस्यों को पार्टी से जोड़ना और जनसंपर्क अभियान को गति देना रहा। त्रिलोक दीप ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी जनता के मुद्दों की राजनीति करती है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता गांव, ढाणी और वार्ड तक पहुंचकर पार्टी की नीतियों और विचारधारा को आमजन तक पहुंचाए और स्थानीय समस्याओं को मजबूती से उठाए। उन्होंने कहा कि मजबूत संगठन ही चुनावी सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है, इसलिए हर कार्यकर्ता अपनी जिम्मेदारी निष्ठा से निभाए। जिलाध्यक्ष मोहन सिंह राठौड़ ने कहा कि पार्टी आगामी पंचायती राज एवं नगर निकाय चुनाव पूरी मजबूती के साथ लड़ेगी। इसके लिए प्रत्येक बूथ पर सक्रिय टीमों का गठन किया जाएगा और युवाओं, महिलाओं व आम नागरिकों को पार्टी से जोड़ने का अभियान चलाया जाएगा। जिला महासचिव प्रो.सलवीर समेजा ने कहा कि संगठन की असली ताकत समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने घर-घर जनसंपर्क कर आमजन की समस्याएं सुनने और पार्टी की जनहितकारी नीतियों को हर परिवार तक पहुंचाने का आह्वान किया। बैठक में संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान, बूथ समितियों के गठन, वार्ड स्तर पर नियमित बैठकों के आयोजन और आगामी चुनावों की रणनीति पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। सभी कार्यकर्ताओं ने संगठन को और मजबूत बनाकर चुनाव में पूरी ऊर्जा से काम करने का संकल्प लिया। बैठक में संगठन मंत्री राजेश बिश्नोई, लकी जुनेजा, सलमान जुनेजा, अरमान सम्भा, राजकुमार धवल, कृष्णा पंडित, अब्दुल रहमान, आबिद, आदिल, आमिर, अकरम, आसिफ, शरीफ, इमरान, फारूक, मकसूद, शाहरुख सहित पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
पंचायती राज चुनाव की तैयारी में जुटी आप: बीकानेर में संगठनात्मक बैठक, बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर
By -
July 06, 2026
0
Tags: