बीकानेर (मुकेश रामावत): बीकानेर व्यापार उद्योग मंडल ने बुधवार को नोखा रोड स्थित रॉयल एनफील्ड शोरूम में व्यापारियों के लिए विशेष आध्यात्मिक सत्संग का आयोजन किया। कार्यक्रम में इस्कॉन राजस्थान के जोनल सेक्रेटरी देवकीनंदन प्रभुजी मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत मंडल अध्यक्ष जुगल राठी और सीओ सिटी परमेश्वर सुथार ने देवकीनंदन प्रभुजी का माल्यार्पण और शॉल ओढ़ाकर स्वागत कर किया। इसके बाद मंडल की ओर से उन्हें स्मृति चिन्ह और श्रीमद्भगवद्गीता भेंट की गई। यह सम्मान सचिव संजय जैन सांड़, राजेन्द्र राजपुरोहित और सरपंच हेमंत यादव ने संयुक्त रूप से दिया।
*व्यापारी समाज के लिए प्रेरणा बनें*
देवकीनंदन प्रभुजी ने अपने संबोधन में कहा कि व्यापारी वर्ग समाज का प्रभावशाली हिस्सा है। लोग उनके आचरण को देखते हैं। यदि व्यापारी रोजाना हरे कृष्ण महामंत्र का जप करें और गीता के सिद्धांतों को जीवन में उतारें तो वे खुद तनावमुक्त और संतुलित जीवन जी सकते हैं और समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकते हैं। उन्होंने कहा कि सुख, शांति और समृद्धि का असली आधार आध्यात्मिक जीवन ही है। इस्कॉन जोधपुर के मंदिर अध्यक्ष सुंदरलाल प्रभुजी ने भी व्यापारियों से अपील की कि वे रोजाना कुछ समय नाम स्मरण, गीता पाठ और सत्संग के लिए जरूर निकालें।
*बीकानेर में बनेगा भव्य इस्कॉन मंदिर*
इस्कॉन बीकानेर के आउटपोस्ट मैनेजर संकर्षण प्रिय प्रभुजी ने बताया कि किशमीदेसर में श्रद्धालु गिरधारी लाल जी ने मंदिर निर्माण के लिए भूमि दान की है। भक्तों और शहरवासियों के सहयोग से बीकानेर में जल्द ही भव्य इस्कॉन मंदिर का निर्माण शुरू होगा, जो आध्यात्मिक और सांस्कृतिक केंद्र के रूप में विकसित होगा। कार्यक्रम का संचालन पंकज पारीक ने किया। अंत में अध्यक्ष जुगल राठी और सचिव संजय जैन सांड़ ने सभी का आभार जताया। इस दौरान जनक हर्ष, वेद प्रकाश अग्रवाल, बजरंग सोखल, शंकर अग्रवाल, प्रेम जोशी, दिनेश राठी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।