बीकानेर (मुकेश रामावत): बीकानेर के नापासर क्षेत्र की प्रसूता कमला मेघवाल की मौत के मामले में न्याय की मांग को लेकर पीबीएम अस्पताल की मोर्चरी के सामने चल रहे धरने पर केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने हस्तक्षेप किया।
मंत्री ने एडीसी उम्मेद सिंह रतनू, सीओ अनुषा कालिया और एसपीएमसी प्रिंसिपल डॉ.सुरेंद्र वर्मा से फोन पर बात कर मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कार्रवाई और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के निर्देश दिए। मंत्री के निजी सचिव तेजाराम मेघवाल मौके पर मौजूद रहे।
प्रशासन ने आश्वासन दिया कि दोषी पाए जाने वाले कर्मियों पर विभागीय कार्रवाई होगी। राज्य सरकार के नियमानुसार पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता और अन्य सुविधाएं भी दी जाएंगी। प्रशासन के सकारात्मक आश्वासन के बाद धरना समाप्त कर दिया गया। धरने में भाजपा नेता प्रकाश मेघवाल सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता और नागरिक मौजूद थे।