बीकानेर (मुकेश रामावत): मानवता की सेवा के लिए एक बड़ा कदम उठाया गया है। स्व.शिशुपाल और पलक कामरा परिवार ने रानी बाजार औद्योगिक क्षेत्र में 2000 वर्ग मीटर भूमि दान कर अपना घर आश्रम बनाने का संकल्प लिया है। यह आश्रम मनोरोगी, मंदबुद्धि, बीमार, लाचार, मूक-बधिर और बेसहारा लोगों को सहारा देगा। इस पहल की प्रेरणा वरिष्ठ उद्योगपति बेगराज नागपाल और बीकानेर जिला उद्योग प्रन्यास अध्यक्ष द्वारका प्रसाद पचीसिया से मिली है। भूमिदाता संगीता कामरा ने कहा कि यह ईश्वरीय आशीर्वाद है कि समाज से कमाया हुआ अब समाज को लौटाने का मौका मिला। प्रस्तावित आश्रम में 300 से अधिक बिस्तरों की व्यवस्था होगी। यहां भोजनशाला, प्राकृतिक उपचार केंद्र, योग-ध्यान कक्ष और सत्संग भवन जैसी सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। आश्रम का संचालन अपना घर आश्रम बीकानेर के तत्वावधान में होगा। संस्था अध्यक्ष हनुमान झंवर ने बताया कि पूरे देश में अपना घर की 71 शाखाएं पहले से चल रही हैं। भूमि की रजिस्ट्री का कार्य पूरा हो चुका है। भूमि को औद्योगिक से आवासीय में बदलवाने और स्टाम्प ड्यूटी में छूट के लिए प्रन्यास ने सामाजिक न्याय विभाग जयपुर में सामाजिक सुरक्षा प्रोत्साहन योजना 2023 के तहत आवेदन किया है। बीकानेर जिला उद्योग प्रन्यास 80G और CSR के तहत पंजीकृत संस्था है। प्रन्यास कोषाध्यक्ष भंवरलाल चांडक ने कहा कि आश्रम के सुचारू संचालन के लिए शहर के प्रबुद्धजनों को जोड़ा जाएगा।
रानी बाजार में बनेगा 'स्व.शिशुपाल-पलक कामरा अपना घर आश्रम': 2000 वर्ग मीटर में 300 बिस्तरों का आश्रय, असहायों को मिलेगा नया ठिकाना
By -
July 15, 2026
0
Tags: