पावटा (राहुल शर्मा): प्रागपुरा नगर पालिका मुख्यालय से कुछ ही कदम की दूरी पर स्थित भरतदास कॉलोनी में जलभराव की समस्या ने स्थानीय लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। विडंबना यह है कि समस्या जिस जगह है, उसके आसपास ही तहसील कार्यालय, उपखंड कार्यालय, पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय, पुलिस चौकी और खुद नगर पालिका का मुख्यालय स्थित है, बावजूद इसके जिम्मेदार आंख बंद किए बैठे हैं। राजकीय विद्यालय के सामने पिछले कई महीनों से जमा गंदा पानी और कीचड़ राहगीरों के लिए मुसीबत बन गया है।
*प्रमुख मार्ग पर लगा जाम, हादसों का डर*
यह मार्ग पावटा कस्बे को बड़ नगर, ठिकरिया होते हुए विराट नगर से जोड़ने वाला मुख्य संपर्क मार्ग है। प्रतिदिन सैकड़ों स्कूली बच्चे, बुजुर्ग, महिलाएं और दोपहिया वाहन चालक इसी रास्ते से गुजरते हैं। सड़क पर जमा गंदे पानी और गहरे गड्ढों के कारण आए दिन लोग फिसलकर चोटिल हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि
बरसात में स्थिति और बदतर हो जाती है। पानी में गड्ढे नजर नहीं आते और हादसा तय है।
*नालियां चोक, बीमारियों का खतरा*
वार्डवासियों के अनुसार क्षेत्र की नालियां कई जगह क्षतिग्रस्त हैं और नियमित सफाई नहीं होने से पानी की निकासी पूरी तरह ठप हो गई है। लंबे समय से पानी जमा होने के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है।
लोगों को डेंगू, मलेरिया जैसी मौसमी बीमारियों का डर सता रहा है।
*बुजुर्ग और बच्चे सबसे ज्यादा परेशान हैं। स्कूल जाने वाले बच्चे गंदे पानी से होकर गुजरने को मजबूर हैं: स्थानीय निवासी*
वार्डवासियों का आरोप है कि इस समस्या को लेकर कई बार जनप्रतिनिधियों और नगर पालिका प्रशासन को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक सिर्फ आश्वासन ही मिले हैं। धरातल पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
*वार्डवासियों की मांग*
तुरंत जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त की जाए, नालियों की सफाई और मरम्मत करवाई जाए, सड़क के गड्ढे भरकर स्थायी समाधान किया जाए।
स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द समाधान नहीं हुआ तो मजबूरन आंदोलन करना पड़ेगा। नगर पालिका मुख्यालय के सामने ही ऐसी दुर्दशा से साफ है कि प्रशासनिक लापरवाही किस हद तक है।