निवाई (लालचंद माली): गांव करीरिया में जैन मुनि दीप्ति सागर महाराज की समाधि स्थल पर निर्मित चरण छतरी को तोड़े जाने की घटना के विरोध में सकल दिगंबर जैन समाज ने कड़ा रोष व्यक्त करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। समाज के लोगों ने उपखंड अधिकारी एवं तहसीलदार नरेश गुर्जर को ज्ञापन सौंपकर तीन दिवस के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। जैन समाज के प्रवक्ता सुनील भाणजा ने बताया कि गांव करीरिया में असामाजिक तत्वों द्वारा मुनि दीप्ति सागर महाराज की समाधि स्थल पर निर्मित चरण छतरी को क्षतिग्रस्त कर पूरी तरह तोड़ दिया गया, जिससे समाज की धार्मिक भावनाओं को गहरी ठेस पहुंची है और पूरे जैन समाज में भारी आक्रोश व्याप्त है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 में समाज द्वारा धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ चरण छतरी की प्राण प्रतिष्ठा करवाई गई थी, लेकिन रविवार रात अज्ञात असामाजिक तत्वों ने इस धार्मिक स्थल को निशाना बनाते हुए उसे पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। ज्ञापन में समाज की ओर से मांग की गई कि तीन दिवस के भीतर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि निर्धारित समयावधि में कार्रवाई नहीं हुई तो सकल दिगंबर जैन समाज व्यापक विरोध प्रदर्शन करेगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। ज्ञापन सौंपने के दौरान समाज के मंत्री महावीर पराणा, बड़ा मंदिर अध्यक्ष विनोद सुनारा, अग्रवाल समाज अध्यक्ष विष्णु बोहरा, बड़ा मंदिर मंत्री मोहित चंवरिया, सुनील भाणजा, अमिल कटारिया, मनोज पाटनी, महेंद्र सारसोप, नितिन छाबड़ा, पवन बोहरा, हेमंत चंवरिया, योगेंद्र सिंघल, सुशील गिंदोड़ी, चन्द्रेश शिवाड़, पिंचू संघी, राजकुमार संघी, मनीष जैन सहित जैन समाज के सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।
करीरिया में जैन मुनि की चरण छतरी तोड़ने पर फूटा आक्रोश, आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर प्रशासन को चेतावनी
By -
July 06, 2026
0
Tags: