निवाई (लालचंद माली): सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों को लेकर गुर्जर समाज का गुस्सा अब खुलकर सामने आ गया है। समाज के प्रतिनिधियों ने उपखंड अधिकारी के नाम ज्ञापन सौंपकर बहन-बेटियों, समाज एवं समाज के नेताओं के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने वालों पर तत्काल एफआईआर दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। समाज ने साफ शब्दों में कहा कि यदि समय रहते दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि सोशल मीडिया पर कुछ असामाजिक तत्व लगातार गुर्जर समाज की भावनाओं को आहत करने वाली टिप्पणियां कर रहे हैं। इससे समाज में भारी आक्रोश व्याप्त है। प्रतिनिधियों ने कहा कि लोकतंत्र में किसी नीति या व्यक्ति का विरोध करना सभी का अधिकार है, लेकिन किसी समाज और उसकी बहन-बेटियों के सम्मान को निशाना बनाना अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता नहीं, बल्कि सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश है। समाज ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ आईटी एक्ट सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं में तत्काल मुकदमा दर्ज करने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि कानून सिर्फ कागजों तक सीमित रहा और दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो समाज व्यापक जनआंदोलन के लिए बाध्य होगा। ज्ञापन सौंपने के दौरान रतनदीप गुर्जर, सुरेश कसाना, एडवोकेट सवाईभोज गुर्जर, कन्नू कसाना, एडवोकेट दयाराम गुर्जर, एडवोकेट हरिराम गुर्जर, मानसिंह गुर्जर, शिवराज लांगड़ी, हेमराज लांगड़ी, दयाशंकर हरभावता, अशोक लांगड़ी, आशाराम जीवली, रामसिंह बाबा, बलराम गंगापुरा सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।
कीबोर्ड के वीरों पर कब चलेगा कानून: गुर्जर समाज ने प्रशासन को दिया अल्टीमेटम
By -
July 09, 2026
0
Tags: