बीकानेर (मुकेश रामावत): शहर के चौखूंटी ओवरब्रिज इलाके में संकरे रास्ते को लेकर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। सोमवार को क्षेत्र की बदहाल सड़क व्यवस्था के विरोध में दो युवक एक मोबाइल टावर पर चढ़ गए और प्रशासन से तुरंत समाधान की मांग की।
*इमरजेंसी वाहनों की आवाजाही बनी समस्या*
टावर पर चढ़े युवकों का आरोप है कि ओवरब्रिज के पास रास्ता इतना तंग है कि एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड जैसी जरूरी गाड़ियां मौके तक नहीं पहुंच पातीं। इसी कारण रविवार को हुई एक हादसे में भी एंबुलेंस को काफी दूर खड़ा करना पड़ा था, जिससे स्थानीय लोगों में भारी रोष है। युवकों ने कहा कि चौड़ी सड़क न होने से हर दिन हादसे का खतरा बना रहता है। कई बार मरीजों और आगजनी की घटनाओं में देरी से मदद पहुंचने के कारण जान-माल का नुकसान हो रहा है।
*पहले भी हुआ था विरोध, अब बढ़ाया आंदोलन*
स्थानीय लोग पहले भी पुल की सड़क जाम कर प्रदर्शन कर चुके हैं, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। समाधान न मिलने पर अब युवाओं ने अनोखे तरीके से विरोध दर्ज कराया।
*पुलिस ने संभाला मोर्चा*
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास शुरू किया। मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। प्रशासन ने स्थिति पर नजर बनाए रखी है और मामले में कार्रवाई का आश्वासन दिया है। क्षेत्रवासियों की मांग है कि चौखूंटी ओवरब्रिज के पास रास्ते को तुरंत चौड़ा किया जाए, ताकि आपातकाल में किसी की जान को खतरा न हो।