सच बोलने पर जीएल यादव पर कार्रवाई, अब विधायक पर चुप क्यों: कांग्रेस जिलाध्यक्ष इंद्राज गुर्जर का बीजेपी पर हमला

AYUSH ANTIMA
By -
0

  

विराट नगर (राहुल शर्मा): विधानसभा में विकास कार्यों के ठप होने को लेकर सियासी पारा चढ़ गया है। विधायक कुलदीप धनखड़ के मुख्यमंत्री को लिखे पत्र के वायरल होते ही जिला कांग्रेस अध्यक्ष इंद्राज गुर्जर ने बीजेपी पर तीखा हमला बोला। 

*विधायक के पत्र ने खोली पोल* 
 
दिनांक 22 मई 2026 को लिखे पत्र क्रमांक MLA/VTR/SPC/26-27/1745 में विधायक कुलदीप धनखड़ ने सीएम भजन लाल शर्मा से मांग की है कि पावटा पंचायत समिति की मनोनीत प्रधान मीरा सैनी को हटाकर मुकेश देवी को प्रधान बनाया जाए। पत्र में विधायक ने कबूल किया है कि "वर्तमान प्रधान की कार्यशैली सही नहीं होने के कारण प्रशासनिक व राजनैतिक परिस्थितियां अत्यंत चिंताजनक बनी हुई हैं। प्रधान के कार्यकलापों के कारण क्षेत्र के विकास कार्य पूरी तरह ठप हो चुके हैं।" साथ ही लिखा कि प्रधान की तानाशाही से सदस्य असंतुष्ट हैं, बैठकों का बहिष्कार हो रहा है और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्रों तक नहीं पहुंचने से राज्य सरकार की छवि धूमिल हो रही है।

*'जीएल यादव पर कार्रवाई, विधायक पर चुप्पी क्यों,: इंद्राज गुर्जर* 
 
जिला कांग्रेस अध्यक्ष इंद्राज गुर्जर ने कहा कि बीजेपी का दोहरा चरित्र सामने आ गया है। जब बीजेपी नेता जीएल यादव ने यही सच्चाई जनता के सामने रखी थी तो पार्टी ने उन पर तुरंत कार्रवाई कर दी। अब खुद बीजेपी विधायक कुलदीप धनखड़ सीएम को पत्र लिखकर मान रहे हैं कि ढाई साल से विकास ठप है तो क्या पार्टी अब विधायक पर भी कार्रवाई करेगी या बीजेपी में सच बोलने की सजा सिर्फ कुछ लोगों के लिए है।

*'ढाई साल से जनता को बरगलाया'*
  
इंद्राज गुर्जर ने कहा कि हम कांग्रेस के नेता-कार्यकर्ता ढाई साल से चिल्ला रहे थे कि बीजेपी राज में हमारी सरकार के शुरू किए काम बंद हो गए। विधायक जी तब कहते थे कि सरकार बहुत अच्छा काम कर रही है। अब खुद मान रहे हैं कि सब ठप है। मतलब ढाई साल तक जनता को गुमराह किया गया। विधायक अपनी गलती स्वीकार करें।

*'प्रधान के बहाने दिल की बात कह रहे विधायक'*
  
गुर्जर ने तंज कसा कि क्या एक प्रधान के पास इतनी ताकत है कि पूरी विधानसभा के काम रुकवा दे। विधायक जी प्रधान के बहाने सरकार को बता रहे हैं कि जमीनी हालात बहुत खराब हैं। प्रधान बदलने से कुछ नहीं होगा, विराटनगर की जनता तो विधायक को ही बदलना चाहती है।

*'पत्र फर्जी है तो खंडन करें'*
  
इंद्राज गुर्जर बोले कि यह पत्र सोशल मीडिया पर वायरल है। विधायक जी अगर इसे फर्जी मानते हैं तो तुरंत खंडन करें और अगर सही है तो सार्वजनिक रूप से माफी मांगें कि उन्होंने ढाई साल जनता से झूठ बोला।"

*सरकार से सवाल: 'बर्बादी का जिम्मेदार कौन'*  

कांग्रेस ने सरकार से पूछा कि विराटनगर की जनता के साथ ढाई साल से जो अन्याय हो रहा है, उसका जिम्मेदार कौन है, विकास की गाड़ी कब पटरी पर आयेगी। फिलहाल विधायक कुलदीप धनखड़ या बीजेपी की ओर से इस पत्र पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!