बीकानेर (मुकेश रामावत): राज्यसभा सांसद एवं भाजपा हरियाणा के प्रदेश प्रभारी डॉ.सतीश पूनियां रविवार, 5 जुलाई को बीकानेर के एक दिवसीय प्रवास पर रहेंगे। प्रवास के दौरान वे जिले के शैक्षणिक और सामाजिक कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे। भाजपा देहात जिलाध्यक्ष श्याम पंचारिया ने बताया कि डॉ.पूनियां दोपहर 12 बजे जोडबीड स्थित आईसीएआर-राष्ट्रीय अनुसंधान केंद्र में आयोजित स्थापना दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। वहां वे वैज्ञानिकों और उपस्थित जनसमूह को संबोधित करेंगे। इसके बाद सायं 4 बजे जिला उद्योग संघ, बीकानेर में भाजपा शहर एवं भाजपा देहात के संयुक्त तत्वावधान में पूर्व संध्या पर छात्र सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इस सम्मेलन में डॉ.पूनियां मुख्य वक्ता के रूप में विद्यार्थियों और युवाओं को संबोधित करेंगे। छात्र सम्मेलन में वे राष्ट्र निर्माण, शिक्षा, युवा शक्ति तथा डॉ.श्यामा प्रसाद मुखर्जी के राष्ट्रवादी विचारों एवं प्रेरणादायी जीवन पर प्रकाश डालेंगे। भाजपा शहर जिलाध्यक्ष सुमन छाजेड़ ने बताया कि डॉ.पूनियां के प्रवास को लेकर शहर और देहात दोनों संगठनों द्वारा तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रबुद्ध नागरिकों, विद्यार्थियों और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं के पहुंचने की संभावना है।
3/related/default