बीकानेर (मुकेश रामावत): शहर के जेएनवीसी थाना क्षेत्र में स्थित जीएम गैसोनेट कार्यालय में दर्जनों वाहनों से पहुंचे लोगों द्वारा कार्यालय में घुसकर कर्मचारियों के साथ मारपीट, अभद्रता और कामकाज में बाधा डालने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने नामजद आरोपियों सहित 30 से 50 अन्य लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार परिवादी बुधराम सिहाग पुत्र हनुमानराम, निवासी बधुरो की ढाणी, नोखा, हाल निवासी जीएम गैसोनेट, बीकानेर ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट में बताया कि 29 जून की शाम करीब 7 बजे ओमप्रकाश बिश्नोई, राहुल घंटियाला उर्फ महावीर, नरेंद्र तथा उनके साथ 30 से 50 अन्य लोग 10 से 15 वाहनों में सवार होकर कार्यालय पहुंचे। रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि सभी लोग डंडों एवं अन्य हथियारों से लैस थे। आरोपियों ने कार्यालय परिसर में घुसकर कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार किया, मारपीट की, उनके कपड़े फाड़ दिए तथा जान से मारने की धमकी दी। इसके साथ ही कार्यालय का नियमित कार्य भी बाधित किया गया। परिवादी की रिपोर्ट के आधार पर जेएनवीसी थाना पुलिस ने ओमप्रकाश बिश्नोई, राहुल घंटियाला उर्फ महावीर, नरेंद्र सहित 30 से 50 अन्य लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है तथा घटना से जुड़े तथ्यों और आरोपों की पड़ताल की जा रही है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।