बड़नगर/विराट नगर (राहुल शर्मा): माध्यमिक शिक्षा बोर्ड राजस्थान के नव-मनोनीत अध्यक्ष हनुमान सिंह राठौड़ का उनके ननिहाल धुले सिंह बास, बड़नगर में 5 जुलाई 2026 को दोपहर 3 बजे भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। शिक्षा बोर्ड के सर्वोच्च पद पर नियुक्ति के बाद यह उनका पहला सार्वजनिक अभिनंदन कार्यक्रम होगा।
*ये दिग्गज होंगे समारोह में शामिल*
आयोजकों ने बताया कि सम्मान समारोह में जयपुर ग्रामीण सांसद राव राजेंद्र सिंह, जल संसाधन विभाग मंत्री सुरेश सिंह रावत, विराट नगर विधायक कुलदीप धनकड़ और बानसूर विधायक देवी सिंह शेखावत मुख्य रूप से शिरकत करेंगे। क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों के एक मंच पर आने से कार्यक्रम को राजनीतिक रूप से भी अहम माना जा रहा है।
*'क्षेत्र का बढ़ा मान'*
स्थानीय लोगों में हनुमान सिंह राठौड़ के शिक्षा बोर्ड चेयरमैन बनने को लेकर खासा उत्साह है। ग्रामीणों का कहना है कि यह पूरे कोटपूतली-बहरोड़ जिले के लिए गौरव की बात है कि क्षेत्र के बेटे को शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण विभाग की जिम्मेदारी मिली है। इससे इलाके में शिक्षा के स्तर में सुधार की उम्मीद जगी है। धुले सिंह बास बड़नगर में समारोह को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। आयोजकों ने क्षेत्र की जनता से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर हनुमान सिंह राठौड़ का सम्मान बढ़ाने की अपील की है।